The Voice of Bareilly since 2010

आगरा को मिला मेट्रो का तोहफा, नरेन्द्र मोदी ने कहा- सपने देखने से काम नहीं चलता, साहस के साथ पूरा भी करना पड़ता है

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपराह्न आगरा मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस दौरान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सपने देखने से काम नहीं चलता, साहस के साथ पूरा भी करना पड़ता है। जब आप साहस के साथ आगे बढ़ते हैं तो कोई भी बाधा आपको रोक नहीं सकती। भारत के छोटे शहर के युवा यही साहस दिखा रहे हैं। आगरा जैसे छोटे शहर में मेट्रो का काम होगा। छोटे शहरों के विकास पर जोर दिया जा रहा है। 

15वीं वाहिनी पीएसी परेड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और केंद्रीय शहरी आवास राज्यमंत्री हरदीप पुरी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि आगरा में नए युग की शुरुआत हो रही है। प्रधानमंत्री द्वारा मेट्रो का शिलान्यास किया जा रहा है, उत्तर प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टमेंट यूपी अब इन्वेस्टमेंट भारत के साथ मिलकर तेजी से कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री ने नए भारत की शुरुआत की है। उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश भर में निवेश करने वाले लोगों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। आगरा मेट्रो से शहर के 26 लाख लोगों को फायदा होगा इससे पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा बढ़ेगी। 

केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संबोधित करते हुए कहा कि मेट्रो का सिग्नल सिस्टम भी भारत में ही बन रहा है। आज देश के 27 शहरों में मेट्रो का काम या तो पूरा हो चुका है या काम अलग अलग चरणों में तेजी चल रहा है। मेट्रो से जुड़ने वाला आगरा यूपी का 7वां शहर है। मेट्रो की 450 किलोमीटर से ज्यादा लाइन देशभर में ऑपरेशनल हैं। मेट्रो कोच भी मेक इन इंडिया के तहत भारत में ही बन रहा है। पिछले सालों में जिस स्पीड से मेट्रो रेल पर काम हुआ, वह सरकार की मंशा को दर्शाता है। यूपी में सवा दो सौ किलोमीटर लाइन डाली गई है। मेट्रो के मामले में भी भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। आज के नए भारत के सपने विराट हैं। 

आगरा शहर में मेट्रो ट्रैक 30 किलोमीटर लंबा होगा।  दिसंबर, 2022 में छह स्टेशनों में मेट्रो का संचालन शुरू होगा। पांच वर्ष में मेट्रो के दोनों कॉरिडोर बनकर तैयार हो जाएंगे।

error: Content is protected !!