The Voice of Bareilly since 2010

अखिलेश यादव ने कहा- सपा के सत्ता में आते ही वापस करा देंगे आजम खान पर दर्ज सभी फर्जी मुकदमे

रामपुर। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रशासन सपा सांसद आजम खान के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई कर रहा है। आजम खान के खिलाफ दर्ज किए गए सभी मुकदमे फर्जी हैं। प्रदेश में सपा के सत्ता में आने पर उनके खिलाफ दर्ज सभी फर्जी मुकदमे हम वापस करा देंगे।

रामपुर दौरे के दूसरे दिन शनिवार को अखिलेश ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि लोगों का सरकार पर से भरोसा उठ गया है। आज मुकदमों की संख्या देखिये, लोग रो रहे हैं कि उनके बेटे को जेल भेज दिया।

सपा अध्‍यक्ष ने कहा, “हमें लगा था कि भारत सरकार और प्रदेश सरकार अच्छा काम करेंगी  लेकिन इन लोगों ने हमें शौचालयों में फंसा दिया है। आज मुझे जानकारी मिली है कि लोहिया ट्रस्ट को खाली करा दिया गया है। अब किन कारणों से हटाया गया है, ये मुझे नहीं पता है। लोहिया ट्रस्ट नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का ट्रस्ट है। ऐसा होगा ये हम लोगों को पहले ही पता था इसीलिए वहां से सामान पहले से ही हटाया जाने लगा गया था।”

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कानून की धज्जियां उड़ा दी हैं। भाजपा ने हमें सिखा दिया है कि पुलिस वालों से काम कैसे लेना है। सीओ और एसओ से कैसे काम कराना है। अपनी मर्जी का कप्तान लाइए और जो चाहे काम कराइए। सरकार आती-जाती रहती हैं। हम भी सत्ता में रहे हैं लेकिन हमने ऐसा कोई काम नहीं किया। रामपुर में प्रशासन जिस तरीके से कानून की धज्जियां उड़ा रहा है, उससे सरकार को ही नुकसान हो रहा है। लोगों का सरकार से भरोसा उठ रहा है। सपा को लोगों की सहानुभूति मिल रही है और उपचुनाव में भी इसका फायदा मिलेगा। 

केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि अर्थव्यवस्था में न्यूटन और आइंस्टीन आ गए हैं। आपका इंफ्रास्ट्रक्चर डाउन, हेल्थ सेक्टर डाउन, रियलिटी सेक्टर डाउन, अर्थव्यवस्था अगर खराब हुई है तो भाजपा की खराब नीतियों की वजह से हुई है।

इससे पहले सांसद आजम  खान के हमसफर रिसॉर्ट में राशि विश्राम करने के बाद अखिलेश यादव ने जौहर विश्वविद्यालय का भी दौरा किया।

error: Content is protected !!