The Voice of Bareilly since 2010

अमेठीः कांग्रेस के पक्ष में जबरन वोट डालने का आरोप, पीठासीन अधिकारी को हटाया

अमेठी। हाई प्रोफाइल लोकसभा सीट अमेठी में सोमवार को मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ही जबरन वोटिंग को लेकर विवाद हो गया। एक महिला ने गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बूथ संख्या 316 गूजर टोला पर तैनात पीठासीन अधिकारी पर जबरन कांग्रेस पार्टी के पक्ष में वोट करने का आरोप लगाया। भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने इसे अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया और चुनाव आयोग से शिकायत की। मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल पीठासीन अधिकारी को हटा दिया गया।

स्मृति ईरानी का आरोप है कि कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी अमेठी में बूथ कैप्‍चरिंग करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना उन्होंने प्रशासन और चुनाव आयोग को दे दी है। अब जनता को निर्णय लेना है कि इस तरह की राजनीति को क्या कहा जा सकता है? स्मृति ने बूथ पर वोट डालने पहुंची एक महिला का वीडियो ट्विटर पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि वह भाजपा के कमल निशान पर वोट देना चाहती थी लेकिन पीठासीन अधिकारी ने उसका हाथ पकड़ कर कांग्रेस के चुनाव चिह्न हाथ के पंजे की बटन दबा दिया। महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने तत्काल मामले की संज्ञान लेते हुए पीठासीन अधिकारी को वहां से हटा दिया। उनके स्थान पर नए पीठासीन अधिकारी को तैनात किया गया है। गौरीगंज के उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।

error: Content is protected !!