The Voice of Bareilly since 2010

बड़ा खुलासाः पाकिस्तान ने बालाकोट में फिर सक्रिय किए आतंकी कैंप

चेन्न जम्मू-कश्मीर से धारा 370 समाप्त किए जाने के बाद से बौखलाया और इस मुद्दे पर दुनिया के हर मंच पर मिली नाकामी से पस्त पाकिस्तान अब आतंकवाद की अपनी पुरानी राह पर लौटता दिख रहा है। सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने सोमवार को खुलासा किया कि पाकिस्तान ने बालाकोट में अपने आतंकी कैंपों को फिर से सक्रिय कर दिया है। उन्होंने कहा, “हमने एयर स्ट्राइक कर बालाकोट कैंप को नेस्तनाबूत कर दिया था लेकिन पाकिस्तान फिर से इस जगह पर आतंकी गतिविधियां करने लगा है।”

पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर फिर से एयर स्ट्राइक करने के सवाल पर जनरल रावत ने कहा, “हम इसे दोबारा क्यों करेंगे…? उन्हें अंदाजा लगाने दीजिए। …हमारी उत्तर और पश्चिम की सीमाओं पर तनाव है। ऐसे में हमें सक्षम नेतृत्व की जरुरत है जो सेना को लीड कर सके।” 

जम्मू-कश्मीर के हालात पर बोलते हुए सेना प्रमुख ने कहा कि कश्मीर घाटी में आतंकवादियों और पाकिस्तान में बैठे उनके हैंडलर्स के बीच संपर्क टूट चुका है और इस वजह से कश्मीर में आतंकी घटनाएं रुक गई हैं। साथ ही जनरल बिपिन रावत ने कहा कि आतंकियों के बीच संपर्क टूट चुका है लेकिन कश्मीर में आवाम के बीच संपर्क बिल्कुल नहीं टूटा है।

जनरल रावत ने पाकिस्तान पर हमला करते हुए कहा कि वो आतंकवादियों को हमारे इलाके में घुसपैठ कराने के लिए सीजफायर उल्लंघन करता है। लेकिन, हम सीजफायर उल्लंघन से निपटना चाहते हैं। हमारे सैनिकों को पता है कि कैसे इन हालातों में दुश्मनों के खिलाफ कार्रवाई करनी है। हम सतर्क हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि हर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया जाए।

सेना प्रमुख ने इस्लामिक आतंकवाद पर भी जोरदार हमला किया। उन्होने कहा कि मुझे लगता है कुछ लोगों ने इस्लाम की गलत तरीके से व्याख्या की है जिसकी वजह से कई तरह की समस्याएं पैदा हो रही है क्योंकि ये इस्लाम की गलत व्याख्या लोगों तक पहुंचाई जा रही है। बिपिन रावत ने कहा कि मुझे लगता है यह महत्वपूर्ण है कि हमारे आस पास ऐसे लोग हों जो इस्लाम का सही मतलब समझा सकें।

error: Content is protected !!