The Voice of Bareilly since 2010

भाजपा योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लड़ेगी विधानसभा चुनाव, वही होंगे मुख्यमंत्री चेहरा

लखनऊ। सभी किंतु, परंतु, अटकलों पर विराम लगाते हुए भाजपा ने शुक्रवार को यह स्पष्ट कर दिया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का वर्ष 2022 में होने वाला चुनाव वह योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ेगी। साफ है कि प्रदेश में योगी ही भाजपा का चुनावी चेहरा होंगे।भाजपा के उत्तर प्रदेश केचुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान ने शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में स्थिति स्पष्ट कर दी।

अपना दल और निषाद पार्टी के साथ होगा गठबंधन

नरेन्द्र मोदी सरकार में शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। वे ही भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे। प्रधान ने कहा कि भाजपा ने फिलहाल तय किया है कि अपना दल और निषाद पार्टी के साथ गठबंधन में 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। इसके साथ ही अन्य दलों से भी वार्ता जारी है। 2022 में भाजपा सहयोगी दलों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव लड़ेगी।

प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जनता का अटूट भरोसा है। 2022 में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा व सहयोगी दलों की सरकार बनेगी। सरकार और संगठन के काम व समन्वय के कारण हम जीतेंगे। हम सभी समाज और समुदाय को साथ लेकर चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने इस बीच में बहुत सारी राजनीतिक ताकत को अपने साथ जोड़ा है। इसी दौरान ही हमने सारा चुनाव का ताना बाना बुना है।  

error: Content is protected !!