The Voice of Bareilly since 2010

लखनऊ जिला सत्र न्यायालय में बमों से हमला, कई घायल

लखनऊ। वजीरगंज स्थित जिला सत्र न्यायालय में गुरुवार को पूर्वाह्न करीब 11  बजे  कुछ बदमाशों ने लखनऊ बार एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री संजीव लोधी को निशाना बनाकर कई देसी बम फेंके। बम फटने से संजीव लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। कई अन्य वकील भी घायल हुए हैं। संजीव के सहयोगी ने बताया कि कुछ लोगों के साथ बुधवार को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद गुरुवार को 8 से 10 लोगों ने उन पर बम से हमला किया। उसने दावा किया कि हमलावरों ने लगभग 10 बम फेंके जिनमें से तीन फटे। संजीव लोधी के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। हमले में करीब चार लोग घायल हुए जिनमें दो अधिवक्ता हैं।   

उधर पुलिस का कहना है कि लखनऊ बार एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री संजीव लोधी को निशाना बनाकर कई बम फेंके गए जिनमें से एक फटा। धमाके में संजीव लोधी समेत कई अन्य वकील घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलसते ही डीसीपी वेस्ट, एडीसीपी वेस्ट और एसएचओ मौके पर पहुंच गए। सीसीटीवी से संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस बीच संजीव लोधी ने अधिवक्ता जीतू यादव पर हमले का आरोप लगाया है।  

संजीव लोधी के सहयोगी अधिवक्ता श्याम सुंदर लोधी ने बताया कि वे तकरीबन 11 बजे कोर्ट आए थे। वह संजीव लोधी के चैम्बर के दरवाजे पर खड़े थे, उसी वक्त एजाज अहमद, आजम खान व तीन-चार अज्ञात लोग गेट नंबर तीन और चार नंबर गेट से आए। उन्होंने 8 से 10 बम फेंके जिसमें से तीन बम फट गए। संजीव लोधी के सिर पर चोट आई है। अधिवक्ता प्रमोद लोधी के पैर के पास एक बम फटा। उन्हें भी चोट लगी है।

पुलिस को घटनास्थल से तीन जिंदा बम भी मिले हैं। घटना के बाद से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। हमले के बाद से ही वकीलों में आक्रोश है। वकील संजीव लोधी ने परिसर में वकीलों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया है और अपनी सुरक्षा की मांग की है। 

error: Content is protected !!