The Voice of Bareilly since 2010

इलाहाबाद में BSP नेता मोहम्मद शमी की गोली मारकर हत्या

इलाहाबाद। बीती रात जिले में एक बीएसपी के नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा भी नहीं हो सका है। हत्या के बाद से बदमाश फरार बताये जा रहे हैं। इलाहाबाद शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर मउआइमा इलाके की है। बदमाशों ने इस घटना को करीब रात नौ से साढ़े नौ बजे के बीच अंजाम दिया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मोहम्मद शमी बीती रात करीब नौ बजे अपने घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। हत्या के बाद लोगों ने थोड़ी देर के लिए इलाहाबाद-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम भी कर दिया।

बता दें कि शमी पहले कांग्रेस और फिर उसके बाद समाजवादी पार्टी में रहे, लेकिन विधानसभा चुनावों से ठीक पहले सपा छोड़कर वह बीएसपी में शामिल हुए थे। उन्हें सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का करीबी माना जाता रहा है। कांग्रेस में रहने के दौरान शमी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के भी करीबी रहे। उन्हें कांग्रेस से विधानसभा चुनाव लड़ने का मौका भी मिला लेकिन वह चुनाव हार गए थे। हालांकि वह लगातार पांच बार मऊआइमा के ब्लॉक प्रमुख रहे। शमी का बेटा इम्तियाज अहमद अब भी दुबाही का ग्राम प्रधान है।

 

error: Content is protected !!