The Voice of Bareilly since 2010

भाजपा का विरोध करते-करते कांग्रेस देश विरोधी हो गईः नरेंद्र मोदी

धनबाद (झारखंड) नागरिकता संशोधन कानून (CAA) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पहली बार सार्वजनिक मंच पर बोले और सीधे कांग्रेस को लपेट लिया। कहा, “नागरिकता संशोधन कानून हजार प्रतिशत सही है, यह कांग्रेस के कारनामों को देखकर पता चल रहा है। पूरे देश में जहां-जहां आगजनी कराई जा रही है, यह राजनीति से प्रेरित और पूरी तरह प्रायोजित है। आग लगाने वाले कैसे कपड़े पहने हैं, क्‍या बातें कर रहे हैं, यह देखकर कोई भी पता कर सकता है कि आखिर ये कौन लोग हैं।”

दुमका में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि पहले जो खेल पाकिस्‍तान के पैसे से हो रहा था, वही खेल अब कांग्रेस करवा रही है। अगर वे जानते है तो उनको एक ही बात का पता है, भाजपा का विरोध करो, मोदी को गाली दो। भाजपा का विरोध करते-करते इन लोगों को देश का विरोध करने की आदत हो गई है।

नागरिकता कानून के विरोध पर उन्‍होंने पूर्वोत्तर भारत की शांति का हवाला देते हुए कहा कि जो लोग, जिस तरीके से इसका विरोध कर रहे हैं, उससे जरा भी शक नहीं बचा कि यह पूरी तरह सही दिशा में उठाया गया एक सराहनीय कदम है।

कांग्रेस देश के दुश्मनों जैसा काम कर रहीः मोदी

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए कहा, “कांग्रेस देश के दुश्मनों जैसा काम कर रही है। पहले लंदन में दूतावास के सामने पाकिस्तान के पैसों पर पलने वाले लोग प्रदर्शन करते थे लेकिन इस बार कांग्रेस ने ऐसा किया।” प्रधानमंत्री ने कहा कि उनको विरोध करना था तो आकर बैठ कर बात करते, वहां प्रदर्शन कर देश को शर्मिंदा कर दिया।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस अब देश का भलाई नहीं सोचती। वह अपनी राजनीति बचाने में जुटी है। भाइयों और बहनों कल्‍पना कीजिए कि बाबा तिलका मांझी, सिद्धो कान्‍हो, चांद भैरव, सिर्फ अपनी भलाई सोचते तब क्‍या ये अंग्रेज हमारे देश से जाते। भाजपा ऐसी संस्‍कारों को धारण करती है, हम उन्‍हें सम्‍मान देते हैं। इन आदिवासी सेनानियों को अमर बनाने के लिए भाजपा सरकार लगातार नई योजनाएं बना रही हैं। देश भर में हम आदिवासी सेनानियों के नाम पर संग्रहालय बना रहे हैं। जनजातीय संस्‍कृति को संरक्षित करने के लिए हम संथाली भाषा को समृद्ध कर रहे हैं। इस पर शोध भी चल रहा है। खुश हूं कि राज्‍यसभा में संथाली भाषा में भाषण हुआ।

error: Content is protected !!