The Voice of Bareilly since 2010

बरसाने के नंद बाबा मंदिर में नमाज पर विवाद, 4 लोगों पर एफआईर दर्ज

मथुरा। नंद बाबा मंदिर में नमाज पढ़ने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने सेवायतों को गुमराह कर मंदिर परिसर में नमाज पढ़ी। पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। धोखा देकर नमाज पढ़ने का यह मामला बीते 29 अक्टूबर का है।

बरसाना थाने में यह एफआईआर मंदिर प्रशासन की ओर से दर्ज कराई गई है। इसमें कहा गया है कि दिल्ली से दो लोग मंदिर में आए थे। इन दोनों मुस्लिम लोगों ने बिना इजाजत के मंदिर परिसर में नमाज पढ़ी और अपने फोटो सोशल मीडिया पर डाल दिए जो वायरल हो गए। एफआईआर में कहा गया है कि इनके फोटो सोशल मीडिया में डालने से हिंदू समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं और आस्था को गहरी ठेस पहुंची है। 

आरोप लगाया गया है कि ये लोग मंदिर के फोटो का दुरुपयोग कर सकते हैं। साथ ही आशंका जताई गई है कि कहीं इन्हें विदेशी संगठनों से फंडिंग तो नहीं हो रही है। ऐसे में मामले में जल्द जांच की जाए।

बरसाना थाना पुलिस ने धारा 153A, 295, 505 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। 

गौरतलब है कि दिल्ली की खुदाई खिदमतगार संस्था के चार सदस्य साइकिल पर ब्रज चौरासी कोस की यात्रा पर निकले हैं। गत दिनों इनमें से दो फैजल खान और चांद मोहम्मद ने नंद महल में नमाज अदा की थी। इस मामले में सेवायत ने फैजल खान, चांद मोहम्मद, आलोक रत्न और नीलेश गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में कहा है कि बगैर अनुमति के उन्होंने नमाज अदा की और इसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिये। रिपोर्ट में यह भी कहा है कि इनकी मंशा गलत लगती है।

मथुरा में इस तरह का मामला तब सामने आया है, जब यहां पर स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि और उसके पास बनी मस्जिद का मामला अदालत में पहुंच गया है। बीते दिनों कुछ संगठनों ने स्थानीय जिला अदालत में याचिका दाखिल कर शाही ईदगाह मस्जिद को जन्मभूमि परिसर से हटाने की अपील की है। इस मामले में इसी माह सुनवाई होनी है।

error: Content is protected !!