The Voice of Bareilly since 2010

देश में “कोरोना विस्फोट” : तीसरी लहर में पहली बार 24 घंटे में 1.17 लाख नये केस मिले

नयी दिल्लीः  देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। शुक्रवार को अपराह्न जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में संक्रमण के रिकॉर्ड 1,17,094 नये मामले दर्ज किए गये हैं। देश में कोरोना महामारी की तीसरी लहर में पहली बार संक्रमण का आंकड़ा 1 लाख के आंकड़े को पार कर गया है। इस दौरान 302 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस में 86,040 की बढ़ोतरी हुई है। 31 दिसंबर को देश में 22,775 नये केस मिले थे। इस लिहाज से देश में एक सप्ताह के भीतर नये मामले करीब 5 गुना हो गए हैं।

देश में कुल मामलों की बात करें तो अब तक 3.52 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.43 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं 4.83 लाख लोगों की अब तक मौत भी हो चुकी है। एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 3,65,521 हो गया है।

गौरतलब है कि देश में दूसरी लहर के दौरान 4 अप्रैल 2021 को एक ही दिन में 1,03,794 कोरोना पॉजिटिव केस मिले थे। इसका मतलब है कि इस बार का खतरा दूसरी लहर से बड़ा है। दूसरी लहर के दौरान जहां पिछले साल अप्रैल में पहली बार 1 लाख से ज्यादा संक्रमित मिले थे, वहीं इस बार अप्रैल में ही यह आंकड़ा 1 लाख को पार कर गया है।

इटली से आये 173 यात्री कोरोना पॉजिटिव मिले

अमृतसर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को भी इटली से आई दो चार्टर्ड फ्लाइट्स में 173 यात्री कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक दोनों फ्लाइट्स में 276 से ज्यादा यात्री सवार थे। इन सभी का एयरपोर्ट पर रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया जिसमें 173 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। शेष 103 यात्रियों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। अमृतसर एयरपोर्ट पर गुरुवार को भी रोम से आई चार्टर्ड फ्लाइट के 179 में से 125 यात्री पॉजिटिव मिले थे।

विदेश से आने वालों के लिए 7 दिन के होम क्वारंटाइन अनिवार्य

देश में आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 7 दिन के होम क्वारंटाइन को अनिवार्य कर दिया गया है। ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने शुक्रवार को ये फैसला लिया। नई गाइडलाइन के मुताबिक यात्रियों को 8वें दिन आरटी-पीसीआर (RT- PCR) टेस्ट कराना होगा। पॉजिटिव पाए जाने पर उनके टेस्ट सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लैब भेजे जाएंगे।

देश आने वाले लोगों को ऑनलाइन एयर सुविधा पोर्टल पर सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म भी भरना होगा। उन्हें ट्रैवल से पहले 72 घंटे के भीतर की RT-PCR निगेटिव रिपोर्ट भी अपलोड करनी होगी। ये गाइडलाइन 11 जनवरी से अगले आदेश तक लागू रहेगी।

error: Content is protected !!