The Voice of Bareilly since 2010

कोरोना का कहर : उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन 2 दिन बढ़ाया गया, अब गुरुवार तक सुबह 7 बजे तक तालाबंदी

लखनऊ। कोरोना की दूसरी लहर उत्तर प्रदेश में अब भी कहर बरपा रही है। हालात में सुधार न होता देख योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू को दो दिन और बढ़ा दिया है। यानी मंगलवार सुबह 7 बजे तक रहने वाला लॉकडाउन अब गुरुवार (6 मई) सुबह 7 बजे तक जारी रहेगा। इस तरह बीते शुक्रवार को रात 8 बजे से शुरू हुआ लॉकडाउन अब कुल मिलाकर 5 दिन का हो गया है। 

लॉकडाउन के दौरान किसी का भी बेवजह बाहर निकलना बंद होगा। बाजार बंद रहेंगे, साप्ताहिक मार्केट नहीं लगेंगी। अनिवार्य सेवाएं पहले की तरह से चालू रहेंगी। जरूरी क्षेत्र के लोगों को छूट रहेगी और परिवहन भी जारी रहेगा। नगर पालिका और नगर निगम की टीमें इस दौरान जगह-जगह पर सेनिटाइजेशन का काम करेंगी।

दरअसल, पिछले दिनों इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रदेश में कोरोना की स्थिति पर सुनवाई करते हुए दो दिनों के लॉकडाउन को नाकाफी बताते हुए कहा था कि सरकार ने अपने विवेक के अनुसार संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए दो दिन का लॉकडाउन लगाया है साथ ही अन्य पाबंदियां भी लागू की हैं पर संक्रमण के नए मामलों को देखते हुए यह निरर्थक ही लग रहा है। ये उपाय नाकाफी प्रतीत होते हैं। हाईकोर्ट ने लंबे लॉकडाउन को प्रदेश के लिए जरूरी बताया था। सरकार का यह फैसला हाईकोर्ट के आदेश की निगाह से ही देखा जा रहा है।

इसके भी पहले प्रदेश सरकार ने 16 अप्रैल को 35 घंटे का लॉकडाउन लगाने की घोषणा की थी जो कि शनिवार रात 8 बजे से शुरू होकर सोमवार सुबह 7 बजे तक लागू था। हालांकि, संशोधन करते हुए फिर शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक लॉकडाउन का निर्णय लिया गया था।

error: Content is protected !!