Bareillylive : श्रावण माह में शिवभक्तों की आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला जब पंजाबी युवा संगठन द्वारा निकाली जा रही 17वीं विशाल डाक कांवड़ यात्रा दिनांक 21 जुलाई को दोपहर 1 बजे बरेली के मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर में पहुँची। भोलेनाथ जी की अपार कृपा और भक्तों की अटूट श्रद्धा के साथ इस कांवड़ यात्रा का श्रृद्धालुओं ने पूरे हर्षोल्लास के साथ जोरदार स्वागत किया।
इस भव्य यात्रा का आयोजन पंजाबी युवा संगठन के नेतृत्व में किया गया। यात्रा का आगाज 20 जुलाई को धीरज सेठी की अगुवाई में बरेली से हुआ था और कांवड़िए कछला घाट पहुंचे जहाँ उन्होंने पवित्र गंगा जल भरा। इसके उपरांत सभी शिवभक्त डाक कांवड़ के रूप में एकत्र होकर बाबा भोलेनाथ की जय-जयकार करते हुए बरेली की ओर रवाना हुए। कावड़ यात्रा का मार्ग पूरी तरह से भक्तिमय वातावरण से गूंज रहा था—हर हर महादेव और बम बम भोले के जयघोषों के बीच श्रद्धालु कंधों पर गंगाजल लिए चलते नज़र आए।
यात्रा के अंतर्गत सबसे पहले शिवभक्तों ने बाबा श्री धूपेश्वर नाथ मंदिर पहुँचकर गंगाजल से भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। इसके बाद यात्रा श्री सनातन धर्म मंदिर पहुंची, जहाँ पर भी भक्तों ने विधिवत पूजन किया। यात्रा का अंतिम पड़ाव श्री हरि मंदिर, मॉडल टाउन बना जहाँ भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर कांवड़ विश्राम किया।
कांवड़ियों के हरि मंदिर आगमन के अवसर पर मंदिर प्रांगण को सुंदर रूप से सजाया गया था। जैसे ही यात्रा मंदिर परिसर में पहुँची, वैसे ही मंदिर समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर तथा भजन-कीर्तन के माध्यम से भक्तों का स्वागत किया। मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री सुशील अरोड़ा, सचिव श्री रवि छाबड़ा, श्री अश्विनी ओबेरॉय, श्री संजय आनंद, श्री गोविंद तनेजा, श्री अतुल कपूर, श्री लतेश शर्मा, श्री रंजन कुमार, श्री कुल संजीव राय, श्री गिरीश आनंद, श्री हरीश लुनियाल, श्री राकेश कुमार आदि ने मिलकर सभी कांवड़ियों को फूल मालाएं पहनाईं और सम्मान स्वरूप पटके ओढ़ाकर आभार व्यक्त किया। उन्होंने यात्रा में भाग ले रहे सभी युवाओं के उत्साह, संयम एवं भक्ति भाव की सराहना की।
समारोह में भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें कांवड़ यात्रियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति द्वारा उज्ज्वल भक्ति-भाव के साथ इस आयोजन को सफल बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी गई। पूर्ण श्रद्धा, सेवा और समर्पण की भावना के साथ प्रत्येक शिवभक्त की सेवा कर उन्हें विश्राम की सुविधा प्रदान की गई।
इस मौके पर शिवभक्ति से ओतप्रोत भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों व भजन गायकों ने ‘शिव तांडव स्तोत्र’, ‘भोले बाबा तेरी महिमा अपरंपार’, जैसे भजनों से पूरा माहौल शिवमय बना दिया। मंदिर की चारदीवारी के भीतर हर दिशा से ‘हर हर महादेव’ की गूंज सुनाई दे रही थी।
कार्यक्रम के समापन पर हरि मंदिर के सचिव श्री रवि छाबड़ा ने सभी शिवभक्तों, कांवड़ियों और सहयोगकर्ता सदस्यों को धन्यवाद दिया तथा कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमें समाज में एकता, समर्पण और सेवा भावना का संदेश देते हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि मंदिर समिति भविष्य में भी इस तरह के धार्मिक आयोजनों को उत्साहपूर्वक करती रहेगी।
इस पावन अवसर पर उपस्थित भक्तों के चेहरों पर भक्ति, श्रद्धा और संतोष के भाव स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। संपूर्ण आयोजन अत्यंत अनुशासित, शांतिपूर्ण और भावभीना रहा। भोलेनाथ की बारात में सम्मिलित होकर हर भक्त ने आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की और यह यात्रा सभी के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गई।








