The Voice of Bareilly since 2010

सीबीएसई 10वीं 12वीं शेष परीक्षाओं को लेकर गाइडलाइंस जारी, जानिये किन नियमों का पालन करना होगा

नई दिल्ली। (CBSE 10th 12th Exams 2020)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) की 10वीं एवं 12वीं की शेष परीक्षाओं के आयोजन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी स्कूलों को परीक्षा के दौरान इन गाइडलाइंस का पालन करना होगा।

गाइडलाइंस के मुताबिक परीक्षा केंद्र में सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखना होगा। परीक्षा केंद्र में थर्मल स्क्रीनिंग और सेनिटाइजर का भी बंदोबस्त होना जरूरी है। किसी भी कन्टेनमेंट जोन में परीक्षा केंद्र नहीं होगा। परीक्षा केंद्रों में मौजूद सभी छात्र-छात्राओँ, शिक्षकों एवं स्टाफ के अन्य सदस्यों के लिए फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा। छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष बसों का संचालन करवाया जा सकता है।  

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि सीबीएसई की 10वीं 12वीं की शेष बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के लिए लॉकडाउन के नियमों में छूट देने का फैसला किया गया है। उन्होंने इस संबंध में ट्वीट कर कहा, “विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग, फेस मास्क जैसी शर्तों के साथ 10वीं 12वीं बोर्ड की शेष परीक्षाओं के आयोजन के लिए लॉकडाउन के नियमों में कुछ छूट देने का फैसला किया गया है।”

गौरतलब है कि गृह मंत्रालय पहले ही सभी राज्य सरकारों को परीक्षाओं के आयोजन के लिए कुछ शर्तों के आधार पर लॉकडाउन नियमों से छूट देने की सूचना दे चुका है।

सोमवार को जारी हुई थी शेष परीक्षाओं की डेटशीट

परीक्षाएं 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच आयोजित होंगी। सीबीएसई ने डेटशीट जारी करने के साथ यह भी कहा है कि परिवारीजन सुनिश्चित करें कि उनका बच्चा बीमार न हो। अभ्यर्थियों को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा। इसके अलावा विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर मास्क पहनकर व अपना सैनेटाइजर लेकर आना होगा।

परीक्षा में बैठने के लिए नियम

1. सभी छात्र-छात्राओँ को एक पारदर्शी बोतल में अपना खुद का हैंड सैनिटाइजर लेकर जाना होगा। 
2. सभी छात्र-छात्राओँ को मास्क या कपड़े से अपनी नाक और मुंह को ढंकना होगा। 
3. सभी छात्र-छात्राओँ को फिजिकल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा।
4. अभिभावकों को अपने बच्चों को बताना होगा कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए वे क्या सावधानियां बरतें।
5. अभिभावकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका बच्चा बीमार नहीं हो।
6. परीक्षा देते समय छात्र-छात्राओँ को सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा।
7. प्रवेश पत्र (Admit card) में लिखे सभी निर्देशों का पालन करना होगा।
8. परीक्षा की समयावधि डेटशीट और एडमिट कार्ड में लिखी होगी।
9. उत्तरपुस्तिकाएं सुबह 10.00 बजे से 10.15 बजे के बीच बांटी जाएंगी।
10. प्रश्नपत्र सुबह में 10.15 बजे बांटे जाएंगे।
11. 15 मिनट का समय (10.15 बजे से लेकर 10.30 बजे तक) प्रश्नपत्र पढ़ने का होगा।

12. 10.30 बजे से छात्र-छात्राएं प्रश्नों का उत्तर लिखना शुरू करेंगे।

error: Content is protected !!