The Voice of Bareilly since 2010

अनुशासनहीनताः इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर पर लगाया गया एक साल का प्रतिबंध

काबुल। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद को एक साल के लिए क्रिकेट के सभी प्रारूपों से निलंबित कर दिया गया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने रविवार को मोहम्मद शहजाद को विश्व कप 2019 में टीम का अनुशासन तोड़ने का दोषी पाया।

मोहम्मद शहजाद पर हुई बोर्ड की इस कार्रवाई से पहले उनका सालाना कॉन्ट्रैक्ट भी अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दिया था। इसके बाद अब बोर्ड ने उनकी सजा निर्धारित कर दी है। एसीबी ने एक बयान में कहा है, “मोहम्मद शहजाद ने एसीबी के अनुशासनात्मक नियम और कानूनों के अलावा बोर्ड द्वारा खिलाड़ियों के लिए बनाई गई आचार संहिता का भी पालन नहीं किया है।”   

एसीबी ने आगे कहा है, “बोर्ड का कहना है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद ने कई देशों के दौरे पर टीम की नीति को तोड़ा था। बोर्ड की कई नीतियों के लिए खिलाड़ियों को अनुमति लेनी होती है, लेकिन मोहम्मद शहजाद ने कई बार ऐसा नहीं किया।”  31 वर्षीय मोहम्मद शहजाद को इंग्लैंड और वेल्स में खेले गए वर्ल्ड कप 2019 के बीच से ही अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने देश वापस बुला लिया था। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि देश के भीतर एसीबी के पास अच्छी तरह से सुसज्जित प्रशिक्षण और अभ्यास सुविधाएं हैं। इसके लिए अफगान खिलाड़ियों को विदेश यात्रा करने की आवश्यकता नहीं है लेकिन शहजाद ने ऐसा किया है।

error: Content is protected !!