The Voice of Bareilly since 2010

लखनऊ में हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी को चाकू से गोदने के बाद गोली मारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के खुर्शीदबाग में हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की शुक्रवार दोपहर घर पर आए दो बदमाशों ने चाकू से गला रेतने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर मिठाई के डिब्बे में चाकू और तमंचा लेकर आए थे। बातचीत के बाद अचानक मिठाई के डिब्बा में छिपाकर लाए रिवॉल्वर और चाकू से हमला बोल दिया और भाग निकले। गोली की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से जख्मी कमलेश तिवारी को आनन-फानन में ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हुई है। कमलेश हिदू महासभा के अध्यक्ष भी रहे थे।

पुलिस के अनुसार, भगवा कपड़े पहने दो बदमाश हाथ में मिठाई का डिब्बा लेकर नेता कमलेश तिवारी से मिलने कार्यालय पहुंचे। बातचीत कर साथ में चाय पी, उसके बाद मिठाई के डिब्बे में छिपाकर लाये रिवॉल्वर और चाकू निकाल लिये। चाकू से उनके गले पर ताबड़तोड़ 15 से ज्यादा वार किए। इसके बाद गोली मारकर भाग निकले। कमलेश तिवारी को लहूलुहान हालत में ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

घटना के चश्मदीद कार्यालय के नौकर सौराष्ट्र सिंह ने बताया कि गुरुवार की रात से गनर ड्यूटी पर आया ही नहीं। कार्यालय के बाहर एक सिपाही ड्यूटी पर तैनात था लेकिन सो रहा था। उसने उन दोनों बदमाशों को अंदर भेजते समय ठीक से जांच नहीं की

सुराग की तलाश और मामले की छानबीन करने मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची। एसएसपी कलानिधि नैथानी के मुताबिक, प्रतीत हो रहा है कि आपसी रंजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया है। मामले की छानबीन में 10 टीमें लगाई गई हैं। मौके पर एक असलहा बरामद हुआ है जिसकी जांच की जा रही है। इलाके के आसपास लगे सभी सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। 

कभी हिंदू महासभा के नेता रहे कमलेश तिवारी की पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित बयान देने के मामले में गिरफ्तारी हुई थी। वह जमातन पर रिहा चल रहे थे। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने हाल में उऩ पर लगा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) को हटाया था।

error: Content is protected !!