The Voice of Bareilly since 2010

लॉकडाउनः ज्यादा आवाजाही पर केंद्र सख्त, नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश

नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते पॉजिटिव केस के मद्देनजर राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना तथा महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में लगाए गए लॉकडाउन को लेकर सामने आ रही लापरवाही, खासकर लोगों की ज्यादा आवाजाही को लेकर केंद्र सरकार के तेवर सख्त हो गए हैं। केंद्र ने सोमवार को राज्य सरकारों को लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने के साथ ही इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का निर्देश जारी किया है।

पीआईबी के प्रधान महानिदेशक केएस धतवालिया ने एक ट्वीट में कहा कि राज्यों को उन क्षेत्रों में सख्ती के लिए कहा गया है जहां लॉक़ाउन की घोषणा की गई है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

केंद्र सरकार की ओर से यह निर्देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉकडाउन को गंभीरता से लेने के लिए जनता से अपील के एक घंटे बाद आया जिसमें पीएम मोदी ने राज्य सरकार से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि नियमों और कानून का पालन किया जाए।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को ट्विटर के माध्यम से जनता से अपील करते हुए कहा, “कई लोग अभी भी लॉकडाउन को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कृपया अपने आप को बचाएं, अपने परिवार को बचाएं और निर्देशों का पालन करें।” उन्होंने साथ ही राज्य सरकारों से भी अपील की है कि वे इस ओर ध्यान दें। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “कानून-व्यवस्था का पालन करने के लिए मैं राज्य सरकारों से अनुरोध करता हूं।” इससे पहले रविवार को केंद्र और राज्य सरकारों ने देश भर के 75 जिलों को पूरी तरह से बंद करने का फैसला किया है जहां कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। सरकार की ओर से यह सख्त कदम देश में कोरोना के बढ़ते मरीजों के सामने आने के बाद उठाया गया है। देश में फिलहाल 415 लोगों को यह वायरस संक्रमित कर चुका है। देश में गैर-आवश्यक यात्राओं पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। यात्री ट्रेनें भी 31 मार्च तक रद कर दी गई हैं।

error: Content is protected !!