The Voice of Bareilly since 2010

लॉकडाउन : भारतीय रेलवे ने कहा, 15 अप्रैल से यात्री ट्रेन संचालन की कोई योजना नहीं

नई दिल्ली। कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी के इस विकट दौर में सोशल मीडिया में फर्जी सूचनाओं/फेक न्यूज की बाढ़-सी आ गई है। कुछ न्यूज चैनल और अखबारों में भी ऐसी खबरें आयी हैं जिनका सच्चाई से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है। ऐसी ही एक खबर पिछले कुछ दिनों से खूब वायरल हो रही है जिसमें कहा गया है कि भारतीय रेलवे 15 अप्रैल से यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू करने जा रहा है और कुछ ट्रेनों के लिए टिकट का आरक्षण शुरू हो गया है। भारतीय रेलवे ने गुरुवार को ऐसी सभी रिपोर्टों का खंडन किया जिनमें दावा किया गया था कि 21 दिनों के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के खत्म होने के बाद 15 अप्रैल से ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू करने का निर्णय किया गया है।

एक बयान में रेलवे ने कहा कि रेल मंत्रालय ने अभी तक लॉकटाउन के बाद ट्रेन चलाने और यात्रियों के लिए कोई प्रोटोकॉल जारी नहीं किया है, जैसा कि मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है। इसमें कहा गया है कि ऐसे समय में यात्री सेवाओं को फिर से शुरू करने के मानदंडों के बारे में अटकलें लगाना समय से पहले की बात है।

इस बयान में कहा गया है कि रेलवे यात्रियों सहित सभी स्टेक होल्डर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए जो सबके लिए बेहतर होगा वही निर्णय लेगा। सभी संबंधित लोगों से अनुरोध है कि वे मीडिया के कुछ हिस्सों द्वारा दिखाई जा रही अफवाहों या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। जब इस संबंध में कोई फैसला लिया जाएगा तो सभी संबंधितों को इसके बारे में सूचित किया जाएगा।

दरअसल, भारतीय रेलवे की यह टिप्पणी कुछ समाचार रिपोर्टों में लॉकडाउन के बाद ट्रेन सेवाओं के शुरू होने के दावे के बाद आई है। ऐसी रिपोर्टों में कहा गया कि भारतीय रेलवे ने 14 अप्रैल के बाद ट्रेन सेवाओं को फिर से शुरू करने की योजना तैयार की है। रेलवे स्टेशन में प्रवेश से पहले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी और ट्रेन चलने से 4 घंटे पहले यात्रियों को स्टेशन पर आना होगा।

गौरतलब है कि भारतीय रेलवे ने कोरोना वायरस के प्रसार से निपटने के लिए 24 मार्च से 14 अप्रैल तक यात्री, मेल और एक्सप्रेस ट्रेन सेवाओं को निलंबित कर दिया है। देश भर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से माल और विशेष पार्सल ट्रेनें चालू हैं। रेलवे ने सभी आवश्यक वस्तुओं के शीघ्र वितरण के लिए विशेष पार्सल ट्रेनों के लिए समय सारणी भी बनाई है।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस के चलते केंद्र सरकार ने 14 अप्रैल तक के लिए पूरे देश में लॉकडाउन लागू कर रखा है। दरअसल, कोरोना वायरस एक संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है। इसलिए जरूरी है कि लोग सामाजिक दूरी (Social distancing) बनाए रखें। फिलहाल सभी राज्यों ने अपनी सीमाओं को बंद कर लिया है। इसके मद्देनजर रेलवे ने भी अपनी ट्रेन सेवाओं को 14 अप्रैल तक निलंबित कर दिया था।

error: Content is protected !!