The Voice of Bareilly since 2010

लोकसभा चुनावः उप्र में 12.36 लाख मतदाता पहली बार डालेंगे वोट

मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद उत्तर प्रदेश में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 14 करोड़ 40 लाख हो गई है जो देश के किसी भी अन्य राज्य के मुकाबले अधिक है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 12 लाख 36 हजार नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ गए हैं। इसके साथ ही राज्य मे 18-19 आयु वर्ग के वोटरों की संख्या बढ़कर 16.75 लाख हो गई है। मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद प्रदेश में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 14 करोड़ 40 लाख हो गई है जो देश के किसी भी अन्य राज्य के मुकाबले अधिक है। उत्तर प्रदेश सबसे अधिक वोटरों वाला राज्य होने के साथ ही लोकसभा में सबसे अधिक 80 सदस्य़ भी भेजता है।

पूरे देश के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी इन दिनों लोकसभा चुनाव-2019 की तैयारी जोऱ-शोर से चल रही है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि इस बार कुल 12,36,000 नये मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं।

सूत्रों ने बताया कि राजस्थान और मध्य प्रदेश विधानसभाओं के चुनाव में सी-विजिल मोबाइल एप के प्रयोग के बाद अब इस व्यवस्था को सभी राज्यों में लागू किया जाएगा। इसके जरिये जनता द्वारा की जाने वाली आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ी शिकायतों का कम से कम समय में निस्तारण किया जा सकेगा। यह मोबाइल एप एंड्रॉयड प्लेटफॉर्म वाले मोबाइल पर ही चलेगा। कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल फोन पर इस एप को डाउनलोड कर सकेगा। किसी भी जगह पर आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ी गतिविधियों को मोबाइल कैमरे से रिकॉर्ड करने के बाद वह रिकार्डिंग ई-विजिल एप में भेजनी होगी। यह एप ऑटोमैटिक सिस्टम से शिकायतकर्ता का रियल टाइम लोकेशन पता लगा लेता है। इस एप में भौगोलिक नक्शा भी देखा जा सकता है। इससे यह पता चल जाता है कि आचार संहिता उल्लंघन का स्थान और शिकायतकर्ता का स्थान एक ही है या भिन्न। आईडी पर शिकायतकर्ता को जानकारी मिलती रहेगी कि उसकी शिकायत पर क्या कार्रवाई हो रही है।

error: Content is protected !!