The Voice of Bareilly since 2010

लखनऊ : सपा एमएलसी के फ्लैट में अवैध पिस्टल से युवक की मौत

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश की राजधानी में शुक्रवार देर रात सपा एमएलसी अमित यादव के फ्लैट में 38 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। हाई सिक्योरिटी जोन में पुलिस कमिश्नर आवास से चंद कदम दूर हुई वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए।  पुलिस एमएलसी के भतीजे पंकज यादव के अलावा विनय यादव, ज्ञानेंद्र कुमार और आफताब आलम  को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।  शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना हजरतगंज स्‍थित लॉ-प्लास में शाहजहांपुर निवासी स्थानीय निकाय क्षेत्र से एमएलसी अमित यादव के फ्लैट में हुई। इंस्पेक्टर हजरतगंज अंजनी पांडेय के मुताबिक, फ्लैट में एमएलसी के भतीजे पंकज यादव रहते हैं। शुक्रवार देर रात फ्लैट में पंकज के अभिन्न मित्र विनय का बर्थ-डे मनाया जा रहा था। पार्टी में सर्वोदय नगर आजाद नगर निवासी उसके दोस्त राकेश रावत समेत पांच लोग थे। इस दौरान ये लोग पिस्टल देख रहे थे। तभी विनय से गोली चली और गोमती नगर निवासी राकेश (38) के सीने में धंस गई। राकेश खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ा। आनन-फानन में सभी लोग उसे लेकर ट्रामा सेंटर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर एसीपी हजरतगंज राघवेंद्र मिश्र, डीसीपी मध्य समेत आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम पहुंची घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने विनय को हिरासत में ले लिया।

सपा एमएलसी के भतीजे की है अवैध पिस्टल : एसपी हजरतगंज

एसीपी हजरतगंज ने बताया कि अवैध पिस्टल पंकज यादव की है। पंकज की निशानदेही पर पिस्टल और एक मैगजीन बरामद कर ली गई है। इस बात की पड़ताल की जा रही है कि वह पिस्टल कहां से लाया था। चारों आरोपितों को हिरसात में लेकर गहन पूछताछ जारी है। पंकज अपने साथियों को पिस्टल दिखा रहा था। पंकज से पिस्टल राकेश ने ली और फिर विनय देख रहा था। इसी दौरान विनय से ट्रिगर दबने के कारण गोली चली। पुलिस ने बताया कि पार्टी के दौरान सभी बीयर और शराब पी रहे थे। नशे में धुत थे। मौके से पुलिस को करीब 20 कैन बीयर के मिले हैं। एसीपी हजरतगंज ने बताया कि सूचना पर राकेश के परिवारीजन भी मौके पर आ गए हैं। उनसे पूछताछ में पता चला कि राकेश मूल रूप से सतरिख, बाराबंकी का रहे वाला है। यहां वह प्राइवेट फाइनेंस का काम करता था। राकेश, विनय और पंकज समेत दोनों अन्य लोग बहुत ही घनिष्ट मित्र थे। ये लोग कक्षा आठ से स्नातक का साथ पढ़े थे।

error: Content is protected !!