The Voice of Bareilly since 2010

मेनका गांधी के ‘ABCD’ वाले बयान की चुनाव आयोग ने की ‘कड़ी निंदा’

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री व सुल्तानपुर से भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी को आचार संहिता उल्लंघन को लेकर चुनाव आयोग ने कड़ी चेतावनी दी है। आयोग ने सुल्तानपुर में उनके द्वारा दिए गए “एबीसीडी” वाले बयान की कड़ी निंदा की है। मेनका ने वहां मतदाताओं को चेतावनी दी थी कि जिन इलाकों में उन्हें वोट नहीं मिलेंगे वहां सरकारी काम में दिक्कत आएगी। आयोग ने उन्हें चेतावनी दी कि “भविष्य में इस तरह का गलत आचरण” नहीं दोहराएं।

चुनाव आयोग ने कहा है कि मेनका गाधी ने न केवल आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया बल्कि भ्रष्टाचार से निपटने वाले जनप्रतिनिधि कानून का भी उल्लंघन किया है।

बीते 14 अप्रैल को सुल्तानपुर के सरकोडा गांव में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मेनका गांधी ने कहा था, “हम हर बार पीलीभीत में जीतते हैं, तो फिर हम एक गांव में ज्यादा काम करते हैं और दूसरे में कम, इसका पैमाना क्या है?” उन्होंने कहा था, “पैमाना है कि हम सभी गांवों को ए, बी, सी, डी के रूप में अलग-अलग करते हैं। जिस गांव में हमें 80 प्रतिशत वोट मिलते हैं वह ए है, जहां 60 प्रतिशत वोट मिलते हैं वह बी है, 50 प्रतिशत वोट करने वाले गांव सी श्रेणी में हैं और 50 प्रतिशत से कम वोट करने वाले गांव डी श्रेणी में आते हैं। सभी ए श्रेणी के गांवों में सबसे पहले विकास का काम होता है।”

error: Content is protected !!