The Voice of Bareilly since 2010

यूपी में और रियायत, 5 जुलाई से खुलेंगे मल्टीप्लेक्स सिनेमाहॉल, जिम और स्टेडियम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी की वजह से लंबे समय से बंद चल रहे सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, जिम और स्टेडियम 5 जुलाई से फिर खुलेंगे। योगी आदित्यनाथ सरकार ने इसकी अनुमति दे दी है। कोरोना संक्रमण के घटते मामलों को देखते हुए यह फैसला किया गया है। हालांकि सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, जिम और स्टेडियम 50 प्रतिशत क्षमता के साथ ही खुलेंगे। कोरोना प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करना होगा। गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम-9 के साथ चर्चा में अधिकारियों को ये निर्देश दिए। प्रदेश में कोरोना संक्रमण दर न्यूनतम है। हर दिन ढाई लाख से अधिक कोविड टेस्ट किए जा रहे हैं जबकि पॉजिटिविटी दर एक प्रतिशत से भी कम हो चुकी है। विगत दिवस विगत 24 घंटे में प्रदेश में 2 लाख 70 हजार 723 कोविड टेस्ट किए गए, इसी अवधि में संक्रमण के 133 नए मामले आये हैं, जबकि 228 मरीज उपचारित होकर स्वस्थ हुए हैं। प्रदेश में अब तक 05 करोड़ 83 लाख 82 हजार से अधिक टेस्ट हो चुके हैं। अब तक 16 लाख 81 हजार 208 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।

इससे पहले यूसरकार ने 21 जून से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए रेस्टोरेंट और मॉल को 50 प्रतिशत की क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दी थी। इसके साथ ही पार्क, स्ट्रीट फूड के संचालन की भी अनुमति 21 जून से दे दी गई थी। कोरोना की नियंत्रित होती स्थिति को देखते हुए यूपी सरकार ने अब सरकारी दफ्तरों में शत प्रतिशत उपस्थिति का नियम लागू कर दिया है। साथ ही कोविड नियमों के पालन की शर्त लगाई गई है। सरकार के सख्त निर्देश हैं कि सभी स्थानों पर कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना करनी होगी।

“हेल्थ एटीएम” की स्थापना पर विचार

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के प्रयासों के क्रम में गांवों, छोटे कस्बों और महानगरीय क्षेत्रों “हेल्थ एटीएम” की स्थापना पर विचार किया जाए। इन अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से लोग बॉडी मास इंडेक्स, ब्लड प्रेशर, मेटाबॉलिक ऐज, बॉडी फैट, हाईड्रेशन, पल्स रेट, हाइट, मसल मास, शरीर का तापमान, शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा, वजन सहित कई पैरामीटर की जांच कर सकते हैं। इसके संचालन के लिए तकनीशियनों को प्रशिक्षित किया जाए। इस संबंध में यथाशीघ्र विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।

error: Content is protected !!