The Voice of Bareilly since 2010

बच्चों को ऑनलाइन क्लास के लिए नहीं दिलाया मोबाइल तो गुस्से में मां ने किया आत्मदाह

बच्चों की ऑनलाइन क्लासेज, पति-पत्नी के बीच तीखी नोंकझोंक, suicide by fire,

नयी दिल्ली। लॉकडाउन में बच्चों की ऑनलाइन क्लासेज के लिए पत्नी ने पति से स्मार्ट फोन खरीदने को कहा। पति ने इनकार किया तो पति-पत्नी के बीच तीखी नोंकझोंक हुई। गुस्से में आकर पत्नी ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। 

महिला को गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 

मृतका की पहचान यूपी के सुल्तानपुर निवासी ज्योति मिश्रा (29) के रूप में हुई है। पुलिस ज्योति के परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। उसके घर से एक माचिस व खाली केन बरामद हुई है। खास बात ये है कि ज्योति के भाई और पिता ने पति व ससुराल वालों पर किसी भी तरह के कोई आरोप नहीं लगाये हैं।

पति व ससुराल वालों पर नहीं लगाये आरोप

जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर के अनुसार बुधवार सुबह मैदानगढ़ी थाने को एक महिला के जलने की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिला को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। पुलिस ने ज्योति के बयान भी दर्ज किए।  

ज्योति ने मोबाइल को लेकर पति से झगड़े की बात बताई। बाद में शाम के समय उसकी मौत हो गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अप्रैल 2013 में ज्योति की मैदानगढ़ी निवासी प्रमोद मिश्रा से शादी हुई थी। फिलहाल ज्योति के दो बच्चे हैं। 

पुलिस ने ज्योति के भाई चंद्रशेखर पांडेय, पति प्रमोद और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए। किसी ने प्रमोद या उसके घर वालों पर उंगली नहीं उठाई। पुलिस ने ज्योति के पिता करुण प्रसाद पांडेय को सूचना दे दी है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार को सौंपा जाएगा।  

error: Content is protected !!