The Voice of Bareilly since 2010

1 रुपये का नया नोट जारी, भारत सरकार ने प्रकाशित की गजट अधिसूचना

नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने एक रुपये के नए नोट की छपाई से जुड़ी गजट अधिसूचना जारी कर दी है। इस अधिसूचना में एक रुपये के नए नोट के रंग, मानक वजन और डिजाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। “फाइनेंशियल एक्सप्रेस” की एक रिपोर्ट के अनुसार नया नोट 9.7 x 6.3 सेंटीमीटर के आयताकार साइज का होगा। इस नए नोट पर “गवर्नमेंट ऑफ इंडिया” से ऊपर “भारत सरकार” अंकित होगा।

एक रुपये के नए नोट के फीचर्स

  1. नए नोट का रंग मुख्य रूप से गुलाबी और हरा होगा। 
  2. नए नोट पर कई तरह के वाटरमार्क होंगे। अशोक स्तंभ तो होगा लेकिन उसके साथ “सत्यमेव जयते” अंकित नहीं होगा। नोट के केंद्र में “1” छिपा हुआ रहेगा।
  • इस नोट पर वित्त सचिव अतनु चक्रवर्ती का दो भाषाओं (हिंदी और अंग्रेजी) में हस्ताक्षर होंगे। 
  • दाहिने तरफ वर्टिकल स्टाइल में ”भारत” लिखा होगा। यह भी छिपा हुआ होगा। 
  • नोट पर एक रुपये के नए सिक्के का रेप्लिका भी होगा। 


एक रुपये का नोट भारत में आज के समय में नोट के रूप में सबसे छोटी मुद्रा है। इसे भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) नहीं बल्कि भारत सरकार जारी करती है। यही वजह है कि एक रुपये के नोट पर रिजर्व बैंक के गवर्नर का हस्ताक्षर नहीं होते हैं। इस पर केंद्रीय वित्त सचिव के हस्ताक्षर होते हैं। 

एक रुपये के पहले नोट का मुद्रण 30 नवंबर 1917 को हुआ था। उस नोट पर किंग जॉर्ज पंचम की फोटो होती थी। 1926 में पहली बार एक रुपये के नोट की छपाई बंद हो गई थी। इसे 1940 में फिर से शुरू किया गया। इसके बाद 1994 में एक रुपये के नोट की छपाई फिर से बंद कर दी गई। इसकी शुरुआत एक बार फिर 2015 में हुई।

error: Content is protected !!