The Voice of Bareilly since 2010

फ्रांस के बाद अब रूस, अल्‍लाहू अकबर चिल्‍लाते हुए लड़के ने किया चाकू से हमला, पुलिस ने मारी गोली

मॉस्‍को। रूस के मुस्लिम बहुल इलाके में शुक्रवार को एक किशोर ने पुलिस थाने की इमारत को आग लगाने की कोशिश की और गिरफ्तार करते समय अल्‍लाहू अकबर चिल्‍लाते हुए पुलिस अधिकारी को चाकू मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया। इस पर पुलिस ने उसे गोली मार दी। एक दिन पहले ही फ्रांस में एक मुस्लिम चरमपंथी ने एक चर्च में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

यह घटना मुस्लिम बहुल टटारस्‍तान में हुई है। स्‍थानीय मीडिया ने इस हमलावर का नाम विटले अंतीपोव बताया है। रूस की जांच एजेंसी ने कहा कि वह इसे आतंकवाद की घटना मानकर व्‍यवहार और जांच कर रही है और एक आपराधिक मामला दर्ज किया है। समाचार एजेंसी इंटरफैक्‍स ने कहा कि हमलावर अल्‍लाहू अकबार के नारे लगा रहा था। उसने पुलिस को हमले के दौरान काफिर बताया था।

जांचकर्ताओं ने कहा कि हमलावर ने जिले की पुलिस की एक इमारत को आग लगाने की कोशिश की और गिरफ्तार करते समय पुलिस अधिकारी को चाकू मार दिया। उसने पुलिसवालों से कहा, “मैं तुम सभी को मारने जा रहा हूं।” उसने पुलिस अधिकारी पर तीन बार चाकू से वार किया। एक अन्‍य पुलिस अधिकारी ने उसे चेतावनी देने के लिए हवा में गोली चलाई लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने उसे गोली मार दी। हमलावर की मौके पर ही मौत हो गई।

घायल पुलिस अधिकारी को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है लेकिन उसकी जान अभी भी खतरे में बनी हुई है। जांचकर्ताओं ने इसे “आतंकी घटना का प्रयास” करार देते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अंतीपोव साइबेरिया के अल्‍टाई इलाके का था और एक हलाल कैफे में काम करता था। इस कैफे का मालिक भी हथियारों के अवैध निर्माण और तोड़फोड़ के आरोप में 14 साल जेल की सजा काट चुका है।

error: Content is protected !!