The Voice of Bareilly since 2010

महिला के पेट से निकले डेढ़ किलो आभूषण-सिक्के

रामपुर हाट (पश्चिम बंगाल)। पेट दर्द से कराहती मानसिक रूप से बीमार एक महिला की ड़ॉक्टरों ने जांच की तो मामला गंभीर लगा। आधुनिक तकनीक से की गई जांच में पेट में कोई भारी और ठोस चीज होने के संकेत मिले। ऑपरेशन किया गया तो डॉक्टरों की आंखें भी फटी की फटी रह गईं। महिला के पेट से डेढ़ किलोग्राम से अधिक गहने और सिक्के निकले।

रामपुरहाट के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ बिस्वास ने कहा कि 26 वर्षीय महिला के पेट में 5 रुपये और 10 रुपये के नब्बे सिक्के, चेन, नाक की बालियां, झुमके, चूड़ियां, पायल, कड़ा और घड़ियां मिली हैं। डॉ. बिस्वास ने बुधवार को सर्जरी के बाद कहा कि आभूषण ज्यादातर तांबे और पीतल के थे लेकिन इनमें कुछ सोने के गहने भी थे। महिला की मां ने कहा कि उन्हें लग रहा था कि मारग्राम गांव में उसके घर से गहने गायब हो रहे हैं  लेकिन जब भी परिवार उससे (पीड़ित महिला से) पूछताछ करता था तो वह रोने लगती थी।

बीमार महिला के साथ अस्पताल आयी उसकी मां ने कहा कि उनकी बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पिछले कुछ दिनों से वह हर बार भोजन करने के बाद उल्टी कर रही थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी अपने भाई की दुकान से सिक्के लाई थी। हम उस पर नजर रखते थे। किसी तरह वह इन सभी को निगल गई। वह दो महीने तक बीमार रही। हम उसे कई निजी डॉक्टरों के पास ले गए पर उसकी सेहत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। बाद में उसको सरकारी अस्पताल लाये जहां डॉक्टरों ने एक सप्ताह तक जांच करने के बाद उसकी सर्जरी की।

error: Content is protected !!