The Voice of Bareilly since 2010

पेट्रोल-डीजल की “आग” बुझाने को प्रधान ने सऊदी अरब से मांगी मदद

पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सऊदी अरब से कहा है कि वह भारत में कच्चे तेल की दरों को उचित स्तर पर बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाए।

नई दिल्ली  आम चुनाव के मौसम में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में मानो आग लग गई है। पेट्रो पदार्थों के दाम में इस बेहिलाव उछाल के चलते भारत ने दुनिया के सबसे बड़े तेल निर्यातक देश सऊदी अरब से मदद मांगी है। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सऊदी अरब से कहा है कि वह भारत में कच्चे तेल की दरों को उचित स्तर पर बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाए।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बीते एक महीने में करीब दो रुपये का इजाफा हो चुका है। इस वृद्धि की प्रमुख वजह अमेरिका और चीन के बीच व्यापार मोर्चे पर टकराव खत्म होने की उम्मीद के साथ-साथ ओपेक के सहयोगी रूस की ओर से तेल आपूर्ति में कटौती बढ़ाने की घोषणा शामिल है। प्रधान ने भारत यात्रा पर आए सऊदी अरब के पेट्रोलियम मंत्री खालिद अल-फलीह के सामने कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाया और इनको कम करने में अहम भूमिका निभाने का अनुरोध किया।

बैठक के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने ट्वीट किया, ” मैंने ईंधन की बढ़ रही कीमतों पर अपनी चिंता खालिद अल-फलीह के सामने जाहिर की है और कीमतों को उचित स्तर बनाए रखने के लिए उनसे सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।” रविवार को जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया है, “प्रधान ने कच्चे तेल के प्रमुख उत्पादक और वैश्विक तेल बाजार में संतुलन बनाए रखने में सऊदी अरब की भूमिका का उल्लेख किया।”

error: Content is protected !!