The Voice of Bareilly since 2010

लखनऊ नौ घंटे का रोड शो करेंगी प्रियंका

प्रियंका गांघी वाड्रा 11 फरवरी को ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए चुनाव अभियान की शुरुआत कर देंगी। लखनऊ में चार दिवसीय प्रवास के दौरान वह वीवीआईपी गेस्ट हाउस में रुकेंगी।

लखनऊ।  कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव का पद संभालने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा का अगला पड़ाव लखनऊ होगा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें महासचिव बनाने के साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी भी बनाया है। ऐसे में उनके 11 फरवरी को लखनऊ आगमन का खासा महत्व है। जाहिर है कि कांग्रेस के आम से लेकर खास नेताओं के साथ ही अन्य दलों के नेताओं की निगाहें भी प्रियंका पर रहेंगी। इस दौरे में प्रियंका के साथ राहुल गांधी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी होंगे।

कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार प्रियंका 11 फरवरी को ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए चुनाव अभियान की शुरुआत कर देंगी। लखनऊ में चार दिवसीय प्रवास के दौरान वह वीवीआईपी गेस्ट हाउस में रुकेंगी। वह रोजाना वीवीआईपी गेस्ट हाउस से कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय जाएंगी और पार्टी के नए और पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। उनके आगमन से पहले ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को सजाया जा रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर प्रियंका के सभी कार्यक्रमों की तैयारियों की स्वयं मॉनीटरिंग कर रहे हैं।  

एयरपोर्ट से ही शुरू हो जाएगा रोड शो

तय कार्यक्रम के अनुसार प्रियंका गांधी वाड्रा 11 फरवरी की सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरेंगी। एयरपोर्ट से ही उनका रोड शो शुरू हो जाएगा जो करीब नौ घंटे का होगा। यह रोड शो एयरपोर्ट से शुरू होकर लखनऊ के मुख्य मार्गों से होता हुआ कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय पहुंचेगा। इस दौरान 30 से अधिक स्थानों पर उनका स्वागत होगा। इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा लगभग हर चौक-चौराहे पर लगी महापुरुषों की मूर्तियों पर माल्यार्पण करते हुए आगे बढ़ेंगी। कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय के सामने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद वह पार्टी के कार्यालय में प्रवेश करेंगी। पार्टी कार्यालय में वह नए मीटिंग हॉल का उद्घाटन भी करेंगी।  

रोड शो में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी होंगे। रोड शो के बाद प्रियंका, ज्योतिरादित्य और राहुल गांधी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करने को संबोधित करेंगे। इसी दिन देर शाम को राहुल गांधी नई दिल्ली लौट जाएंगे। राज बब्बर के पास उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार ज्योतिरादित्य सिंधिया 13 फरवरी को दिल्ली लौट जाएंगे जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा 14 फरवरी को दिल्ली लौटेंगी।

लखनऊ प्रवास के दौरान प्रियंका उम्रदराज हो चुके कांग्रेस नेताओं से भी मुलाकात करेंगी। वह कुछ वरिष्ठ नेताओं से मिलने उनके घर भी जा सकती हैं।

error: Content is protected !!