The Voice of Bareilly since 2010

राहुल गांधी का नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला, कहा- हम जहर से लड़ रहे हैं

वायनाड (केरल)। “चौकीदार चोर है” के औंधे मुंह गिरने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलावर हो गए हैं। अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के दौरे के दूसरे दिन शनिवार को उन्होंने मोदी पर तीखा हमला किया। कहा, ‘‘लोकसभा चुनाव का उनका प्रचार अभियान झूठ, जहर और घृणा से भरा हुआ था जबकि कांग्रेस सच्चाई, प्यार और लगाव के साथ खड़ी थी।’’

वायनाड लोकसभा सीट जीतने के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे राहुल ने रोड-शो के बाद कालपेटा, कमबलकाडु और पनामरम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी “हथियार की तरह घृणा, गुस्सा और झूठ का इस्तेमाल करते हैं।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दर्शायी जाने वाली सबसे बुरी भावनाओं के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय स्तर पर हम जहर से लड़ रहे हैं। मोदी का प्रचार झूठ, जहर, घृणा और देश के लोगों के विभाजन से भरा हुआ था। उन्होंने चुनाव में झूठ का इस्तेमाल किया जबकि कांग्रेस सच्चाई, प्यार और लगाव के साथ खड़ी रही।’’

राहुल ने कहा, ‘‘मेरा काम पूरे वायनाड का प्रतिनिधित्व करना है। चुनाव में सभी दलों के लोगों ने मेरा साथ दिया। वायनाड में बड़ी चुनौतियां और मुद्दे हैं। हम साथ काम करेंगे और सारी समस्याओं का समाधान करेंगे।’’ गौरतलब है कि राहुल गांधी गांधी ने वायनाड लोकसभा सीट पर 4.31 लाख वोटों से जीत दर्ज की थी। हालांकि वह गांधी परिवार का गढ़ माने जाने वाले उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट पर वह भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से पचास हजार से भी ज्यादा वोटों से हार गए थे।

error: Content is protected !!