नई दिल्ली। पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर भारत और चीन के बीच चल रही तनातनी के बीच नरेंद्र मोदी सरकार पर लगातार हमलावर कांग्रेस पर सरकार ने पलटवार किया है। सरकार की ओर के कैबिनेट मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मोर्चा खोलते हुए कहा कि राजीव गांधी फाउंडेशन को चीनी दूतावास ने 90 लाख रुपये दिए थे।

गुरुवार को यहां मीडिया से बात करते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस के राज में पहले चीन को जमीन दे दी गई और 10 साल के शासन (मनमोहन सिंह की सरकार के दौरान) में चीन के सामने घुटने टेक दिए थे। चीन को लेकर सवाल पर उनके रक्षा मंत्री कभी ठीक से जवाब नहीं देते थे।

प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी  ने वर्ष 2008 में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के साथ एक एमओयू (MoU) किया था। इस दौरान राहुल गांधी ने खुद हस्ताक्षर किए थे और पीछे सोनिया गांधी और चीन के अभी के राष्ट्रपति शी जिनपिंग खड़े थे। अब तक कांग्रेस ने यह नहीं बताया है कि उसका चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के साथ यह रिश्ता क्यों बना?  

राजीव गांधी फाउंडेशन को पॉलिटिकल एसोसिएशन बताया

केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्नसाद नेे बताया कि फॉरेन कांट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट के तहत कोई भी राजनीतिक पार्टी विदेश से पैसा नहीं ले सकती। साथ ही कोई भी एनजीओ बिना सरकार की अनुमति के विदेश से रुपये नहीं ले सकता है। कांग्रेस बताए कि इस डोनेशन के लिए क्या सरकार से मंजूरी ली गई थी? उन्होंने आरोप लगाया कि राजीव गांधी फाउंडेशन एजुकेशन एंड कल्चरल बॉडी नहीं है। यह एक पॉलिटिकल एसोसिएशन है। 

फाउंडेशन की चेयरपर्सन हैंसोनिया गांधी

कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी राजीव गांधी फाउंडेशन की चेयरपर्सन हैं। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इसके बोर्ड के सदस्य हैं। 

मध्य प्रदेश जनसंवाद रैली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा,  “मैं आश्चर्यचकित हूं कि राजीव गांधी फाउंडेशन को 3 लाख अमेरिकी डॉलर चीन और चीन दूतावास से 2005-06 में मिले। यह चीन और कांग्रेस के बीच एक गुप्त रिश्ता है।” इस मौके पर उन्‍होंने कहा कि 2017 में डोकलाम में गतिरोध के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुप्त रूप से भारत में चीन के राजदूत के साथ दिल्ली में वार्ता कर रहे थे। आज गलवना घाटी में हिंसक झड़प के दौरान भी कांग्रेस देश को गुमराह कर रही है।

error: Content is protected !!