The Voice of Bareilly since 2010

रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन चीफ अर्नब गोस्वामी गिरफ्तार, ये है पूरा मामला

मुंबई। रायगढ़ पुलिस ने बुधवार को रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी व 2 अन्य लोगों को 53 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर को कथित रूप से आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 2018 के इस मामले में महाराष्ट्र सरकार की तरफ से इसी साल मई में सीआईडी जांच के आदेश दिए गए थे। पुलिस ने अर्नब के घर पर तलाशी भी ली। अर्नब के साथ जिन लोगो को गिरफ्तार किया गया है उनके नाम फिरोज शेख और नितेश सारदा हैं।

कथित तौर पर अन्वय नाइक द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट में कहा गया था कि आरोपियतों ने उनके 5.40 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया था, इसलिए उन्हें आत्महत्या का कदम उठाना पड़ा। हालांकि रिपब्लिक टीवी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।

अर्नब गोस्वामी ने अपनी गिरफ्तारी के दौरान मुंबई पुलिस द्वारा बुरा बर्ताव करने का आरोप लगाया है। अर्नब का कहना है कि मुंबई पुलिस ने उनकी सास, सुसर, बेटे और पत्नी के साथ मारपीट की। रिपब्लिक टीवी पर प्ले किए गए वीडियो के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने अर्नब गोस्वामी के साथ भी मारपीट की।

सीआईडी जांच को लेकर राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा था, “इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक की बेटी आज्ञा नाइक ने दावा किया था कि रायगढ़ जिले में अलीबाग पुलिस ने बकाया राशि न दिए जाने के मामले की जांच नहीं की थी। इसलिए अन्वय और उनकी मां को आत्महत्या का कदम उठाना पड़ा।”  

अर्नब की गिरफ्तारी पर एक्ट्रेस कंगना रनौत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं महाराष्ट्र सरकार से पूछना चाहती हूं कि कितनी आवाज बंद करेगी। ये मुंह बढ़ते जाएंगे। आज से पहले कई शहीदों ने अपनी शहादत दी है। आखिर इतना गुस्सा क्यों आता है।”

error: Content is protected !!