The Voice of Bareilly since 2010

गठबंधन पर बगावतः मुलायम के समधी ने अखिलेश पर साधा निशाना

यह गठबंधन तभी तक चलेगा, जब तक समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव हर बात पर बहनजी की हां में हां मिलाते रहेंगे और घुटने टेकते रहेंगे।

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में किए गए सपा और बसपा के गठबंधन के खिलाफ आंतरिक विरोध अब खुलकर सामने आने लगा है। इसको हवा दी है सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के समधी हरिओम यादव ने। फीरोजाबाद के सिरसागंज से सपा विधायक हरिओम ने गबंधन के खिलाफ मोर्चा खोले हुए बड़ा बयान दिया है। कहा- यह गठबंधन लंबा नहीं चलेगा। गठबंधन तभी तक चलेगा जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बसपा अध्यक्ष मायावती के सामने घुटने टेकते रहेंगे। हरिओम यादव के इन तेवरों को देखते हुए माना जा रहा है कि सपा-बसपा के बीच हुए गठबंधन के बाद अब सपा में बगावत शुरू हो गई है।

फिरोजाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे शिवपालः हरिओम

अपनी बेबाकी को लेकर चर्चा में रहने वाले और आक्रामक छवि के नेता हरिओम यादव ने यहां तक कह दिया कि फिरोजाबाद में तो यह गठबंधन कभी काम नहीं करेगा। मायावती के बारे में सभी को पता है कि वह अपने सामने किसी की भी नहीं सुनती हैं। यह गठबंधन तभी तक चलेगा, जब तक हमारे अध्यक्ष अखिलेश यादव जी हर बात पर बहनजी की हां में हां मिलाते रहेंगे और घुटने टेकते रहेंगे। नेताजी (मुलायम सिंह यादव) जैसे विशाल हृदय वाले व्यक्ति के साथ गठबंधन नहीं चला तो इनके साथ कैसे चलेगा। हरिओम यादव ने इसी के साथ घोषणा की कि फिरोजाबाद लोकसभा सीट से शिवपाल सिंह यादव चुनाव लड़ेंगे। यदि वे नहीं लड़ते हैं तो जनता जो फैसला करेगी वही हम करेंगे।

हरिओम यादव ने कहा कि 22 जनवरी को शिकोहाबाद में पोल खोलो सम्मेलन होगा जिसमें लोगों को बताया जाएगा कि पांच साल में सपा कार्यकर्ताओं के साथ क्या-क्या किया गया। हरिओम यादव ने सपा के मुख्य महासचिव रामगोपाल यादव और सांसद अक्षय यादव पर भाजपा से मिले होने का आरोप भी लगाया। R

error: Content is protected !!