The Voice of Bareilly since 2010

ऋषभ पंत “वर्ल्ड क्लॉस” और “मैच विजेता”: रवि शास्त्री

मुंबई। लगातार खराब फार्म से जूझ रहे और गलत शॉट चयन को लेकर आलोचकों के निशाने पर चल रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री का खुला समर्थन मिला है। पंत को “वर्ल्ड क्लॉस” खिलाड़ी बताते हुए शास्त्री ने कहा कि टीम मैनेजमेंट उन्हें हर प्रकार का समर्थन देगा ताकि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सफल हो सकें।

शास्त्री ने कहा, “पंत अलग हैं। वह एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी और मैच विजेता हैं। वनडे और टी20 की बात करें तो दुनिया में बहुत कम खिलाड़ी पंत जैसे हैं। मैं उन पांच खिलाड़ियों में अंगुलियों पर भी नहीं गिन सकता।”

शास्त्री ने कहा, “आपकी सभी मीडिया रिपोर्ट्स और सभी विशेषज्ञ लिख रहे हैं लेकिन इस समय भारतीय टीम पंत के साथ है। विशेषज्ञों का काम है, वे बोल सकते हैं। पंत एक विशेष लड़के हैं और वह पहले ही काफी कुछ साबित कर चुके हैं। वह आगे केवल सीखेंगे और टीम प्रबंधन अंत तक पंत का समर्थन करेगा।”

गौरतलब है कि मुख्य कोच ने कुछ समय पहले पंत पर बयान देते हुए कहा था कि उन्हें थोड़ी अधिक जिम्मेदारी के साथ खेलना होगा। शास्त्री ने कहा, “यह मत कहिए की टीम प्रबंधन और पंत के प्रदर्शन के कारण मैंने वह बयान दिया था। अगर कोई गलती करता है तो मुझे उसे बताने की जरूरत है।” उन्होंने कहा, “क्या मैं वहां सिर्फ तबला बजाने के लिए हूं? लेकिन यह खिलाड़ी वर्ल्ड क्लास है। यह खिलाड़ी किसी भी गेंदबाजी क्रम की धज्जियां उड़ा सकता है। हमें उन्हें समर्थन देना होगा ताकि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहतर कर पाएं।”

error: Content is protected !!