The Voice of Bareilly since 2010

वियना में मुंबई जैसा आतंकवादी हमला, 6 स्थानों में अंधाधुंध गोलीबारी में अब तक 7 लोगों की मौत

वियना। ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में घातक राइफलों से लैस आतंकवादियों ने सोमवार की रात 6 जगहों पर जमकर तांडव मचाया। स्‍थानीय मीडिया ने बताया कि इस हमले में अब तक कम से कम 7 लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हैं। पुलिस के जवाबी हमले में एक संदिग्‍ध भी मारा गया। आतंकवादी हमले के बाद पुलिस ने भी जोरदार कार्रवाई शुरू की है। वियना में यह हमला कोरोना वायरस लॉकडॉउन के ठीक पहले हुआ है। पुलिस ने अभी एक संदिग्‍ध आतंकी को घेर रखा है। अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकार इस हमले को मुंबई में हुए आतंकवादी हमले (26/11) जैसा मान रहे हैं। हालांकि मुंबई में हुए हमले में बहुत बड़ी संख्या में आम लोग और पुलिसकर्मी हताहत हुए थे।

पहला हमला स्‍थानीय समयानुसार रात करीब 8 बजे एक सिनेगॉग के पास हुआ। हमलावर घातक राइफल से लैस थे। बताया जा रहा है कि एक आतंकी अभी भी फरार है और पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए पूरे शहर को घेर लिया है। सीमा पर बहुत कड़ी जांच की जा रही है। यही नहीं बच्‍चों को मंगलवार को स्‍कूल नहीं आने के लिए कहा गया है।

पुलिस ने बताया कि एक संदिग्‍ध हमलावर को मार गिराया गया है। हालांकि उसके साथ दो आम नागरिक भी कार्रवाई में मारे गए। एक पुलिस अधिकारी को भी गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर है। वियना के मेयर माइकल लुडविग ने बताया कि 15 लोगों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 7 लोगों की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों ने कुल 6 जगहों पर गोलीबारी की।

सिनेगॉग के पास कम से कम 50 राउंड गोलियां चली

ऑस्ट्रिया की मीडिया के मुताबिक सिनेगॉग के पास कम से कम 50 राउंड गोलियां चली हैं। ऑस्ट्रिया के चांसलर सेबेस्टियन कुर्ज ने इसे घृणित आतंकी हमला बताया है। कुर्ज ने कहा है कि हम अपने देश में कठिन वक्त का सामना कर रहे हैं। हमारी पुलिस इस घिनौने आतंकी हमले की साजिश रचने वालों को ढूंढ निकालेगी। आतंक के आगे हम कभी नहीं झुकेंगे और हम हर तरीके से यह लड़ाई लड़ेंगे।

चांसलर का कहना है कि जहां एक ओर पुलिस एंटी टेरर ऑपरेशन में जुटी है, वहीं दूसरी ओर सेना को अहम इमारतों की सुरक्षा में लगाया गया है। विएना में लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों से दूर रहने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल न करने की अपील की गई है। वियना के बाहर भी कई इलाकों में छापेमारी की जा रही है।

error: Content is protected !!