The Voice of Bareilly since 2010

श्रीनगर में पुलिस पर आतंकवादी हमला, बीच बाजार में बरसाई गोलियां; 2 जवान शहीद

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर तक सुरक्षाबलों और आतंकवादियों का तीन बार आमना-सामना हुआ। शोपियां में गुरुवार देर रात सुरक्षाबलों ने कुछ आतंकियों को घेर लिया। सुबह तक चली मुठभेड़ में 3 आतंकवादी ढेर हो गए। बडगाम में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच शुरू हुई मुठभेड़ के दौरान एक विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) शहीद हो गया। इसके बाद शुक्रवार दोपहर में श्रीनगर के बागत बर्जुला एरिया में एक आतंकी ने पुलिस पार्टी पर गोलियां बरसा दीं। इसमें पुलिस के 2 जवान घायल हो गए। बाद में दोनों ने दम तोड़ दिया।

बागत बर्जुला में हुई घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि एक युवक कपड़ों के अंदर राइफल छुपाकर आया और दुकान पर खड़े पुलिसकर्मियों पर पीछे से गोलियां बरसा दीं। फायरिंग के बाद हमलावर गलियों में फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए सेना ने इलाके में ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

अल बद्र से जुड़े थे मारे गए आतंकी

कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि शोपियां में मारे गए तीनों आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा के लोकल आउटफिट अल बद्र से जुड़े थे। कश्मीर जोन पुलिस ने बताया कि शोपियां में मुठभेड़ वाली जगह से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गे हैं। वहीं, बडगाम में आतंकियों से मुकाबले के दौरान एसपीओ मोहम्मद अल्ताफ शहीद हो गए। ऑपरेशन में सेलेक्शन ग्रेड कॉन्स्टेबल मंजूर अहमद घायल हो गया है।

error: Content is protected !!