The Voice of Bareilly since 2010

सुपर ओवर का रोमांचः धड़कनें बढ़ा देने वाले मुकाबले में भारत की धमाकेदार जीत

हैमिल्टन। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यहां सेडेन पार्क में बुधवार को खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे मैच में टी20 का असली रोमांच देखने को मिला। निर्धारित ओवर में दोनों टीमों के बराबर रन होने पर मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ। सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने 6 गेंदों में 17 रन ठोक दिए। जवाब में भारतीय जोड़ी ने धमाकेदार 20 रन बनाकर भारत को सीरीज में  निर्णयक बढ़त दिला दी। रोहित शर्मा ने आखिरी दो गेंदों पर दो छक्के उड़ाए। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह भारत का पहला सुपर ओवर मैच था।

भारत का सुपर ओवर 


न्यूजीलैंड के लिए सुपर ओवर  टीम साउदी ने फेंका जबकि भारत के लिए रोहित शर्मा और केएल राहुल बल्लेबाजी करने उतरे। पहली गेंद पर रोहित शर्मा ने दो रन ले लिये हालांकि सेइफर्ट उन्हें रन आउट करने से चूक गए। दूसरी गेंद पर रोहित एक रन ले सके। तीसरी गेंद पर केएल राहुल ने एक चौका निकाल लिया। चौथी गेंद पर केएल एक ही रन निकाल सके। पांचवी गेंद पर रोहित शर्मा ने शानदार छक्का लगाकर मैच आखिरी गेंद पर ला दिया। आखिरी गेंद पर रोहित ने एक और छक्का लगाकर टीम इंडिया को जीत दिला दी।

टीम इंडिया: (सुपर ओवर में) 20 रन

न्यूजीलैंड का सुपर ओवर


सुपर ओवर में विराट कोहली ने गेंद बुमराह को सौंपी।  पहली गेंद पर विलियम्सन ने एक रन लिया और फिर अगली गेंद पर गप्टिल ने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर विलियम्सन ने छक्का लगाया। इसके बाद विलियम्सन ने चौका लगाया। पांचवी गेंद पर विलियम्सन ने एक रन लिया। आखिरी गेंद पर टेलर ने चौका लगाया।

न्यूजीलैंड: (सुपर ओवर में) 17 रन

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए। जवाब में मेजबान टीम 6 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए। इस तरह मैच सुपर ओवर में पहुंच गया।  

भारत की ओर से रोहित शर्मा ने 65 रन, विराट कोहली ने 38 रन और केएल राहुल ने 27 रन की पारी खेली। वहीं, कीवी टीम की ओर से हैमिश बेनेट को 3 विकेट मिले, जबकि एक-एक विकेट मिचेल सैंटनर और कोलिन डिग्रैंडहोम को मिला।  

 रोहित ने ठोका अर्धशतक

भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार शुरुआत हासिल की। रोहित शर्मा और केएल राहुल ने 6 ओवर के पावरप्ले में 69 रन कूटे। इसी बीच रोहित शर्मा ने महज 23 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। रोहित 40 गेंद पर 65 रन की आतिशी पारी खेलकर आउट हुए। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए। 

भारत को पहला झटका केएल राहुल के रूप में लगा। शानदार फॉर्म में चल रहे राहुल को कॉलिंग डी ग्रैंडहोम ने कॉलिन मुनरो के हाथों कैच करवाया। राहुल 19 गेंद पर 27 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरा विकेट रोहित शर्मा के रूप में गिरा। जबकि शिवम दुबे आउट होने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज रहे। चौथा झटका भारत को श्रेयस अय्यर के रूप में लगा। अय्यर 16 गेंद पर 17 रन की छोटी सी पारी खेल कर आउट हुए।

टीम की रन गति बढ़ाने की कोशिश में कप्तान विराट कोहली ने अपना विकेट गंवाया। कोहली 19वें ओवर में 27 गेंद पर 38 रन की पारी खेलकर आउट हुए। टिम साउदी ने भारतीय कप्तान का कैच पकड़ा। भारतीय टीम के लिए मनीष पांडे 14 रन बनाकर और रवींद्र जडेजा 10 रन बनाकर नाबाद लौटे।  

विलियमसन की पचासा

मार्टिन गुप्टिल और कॉलिन मुनरो ने न्यूजीलैंड को तेज शुरुआत दिलाई। 5.4 ओवर में दोनों ने मिलकर 47 रन जोड़े। शार्दुल ठाकुर ने इस जोड़ी को तोड़ा और गुप्टिल को सब्सट्यूट फील्डर संजू सैमसन के हाथों कैच करवाया। गुप्टिल ने 12 गेंद पर 22 रन बनाए। रवींद्र जडेजा ने अपने पहले ही ओवर में 14 रन पर बल्लेबाजी कर रहे मुनरो को केएल राहुल के हाथों स्टंप करवाया।  कीवी टीम को तीसरा झटका मिचेल सैंटनर के रूप में लगा जो 9 रन बनाकर चहल की गेंद पर बोल्ड हुए। चौथा झटका न्यूजीलैंड टीम को कोलिन डिग्रैंडहोम के रूप में लगा जो 5 रन बनाकर शार्दुल की गेंद पर शिवम के हाथों कैच आउट हुए।

error: Content is protected !!