The Voice of Bareilly since 2010

ट्रैक्टर परेड : लालकिले पर धार्मिक झंडा लगाने का आरोपी दीप सिद्धू गिरफ्तार, अमेरिका से सोशल मीडिया पर अपना वीडियो अपलोड करवाता था

नई दिल्ली। दिल्ली में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी, 2021) पर ट्रैक्टर परेड के दौरान लालकिले पर हिंसा भड़काने के आरोपी दीप सिद्धू को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पंजाबी गायक दीप सिद्धू पर लोगों को उकसाने और लालकिले पर धार्मिक झंडा लगाने आरोप है। उस पर दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम रखा था। जानकारी मिली है कि सिद्धू को पंजाब के जीरकपुर से पकड़ा गया है।

दीप सिद्धू और तीन अन्य आरोपियों पर जानकारी देने के लिए पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम रखा था। सिद्धू का नाम ट्रैक्टर परेड में हिंसा-झड़प भड़काने की घटनाओं में सामने आया था।

दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि दीप सिद्धू अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहने वाली अपनी एक अभिनेत्रा मित्र के संपर्क में था। दीप इस मित्र को वीडियो भेजता था और वह इन वीडियो को उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड करती थी। कुछ दिन पहले ही दीप सिद्धू का एक वीडियो सामने आया था जिसमें उसने किसान नेताओं को धमकाया था। उसने कहा था कि किसान नेता जमीन बचाने के लिए नहीं, बल्कि राजनीति करने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। दरअसल, उस दिन कुछ प्रदर्शनकारी तय रूट और वक्त के उलट जाकर ट्रैक्टर लेकर दूसरे रास्तों पर चले गए थे। यहां कई जगहों पर पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई। गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई। फिर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी लालकिले में घुस गए और काफी तोड़फोड़ की। कुछ लोग किले के सामने एक खंभे पर चढ़ गए और धार्मिक झंडा फहरा दिया।

ट्रैक्टर परेड के दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से जोरदार झड़प हुई थी जिसमें 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए थे। लालकिले में भी काफी ज्यादा तोड़फोड़ हुई थी। हालांकि, किसान संगठनों ने कहा है कि लालकिले में जो प्रदर्शनकारी गए थे, वे किसान नहीं थे और इसकी जांच की जानी चाहिए कि आखिर हिंसा किसने भड़काई।

पिछले दिनों दीप सिद्धू ने एक वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया था.।सिद्धू उस दिन के बाद से ही फरार चल रहा था लेकिन उसके फेसबुक अकाउंट से लगातार ऐसे वीडियोज़ डाले जा रहे थे जिसमें वह किसान नेताओं और आंदोलन को लेकर बात कर रहा थ।

error: Content is protected !!