The Voice of Bareilly since 2010

नो एंट्री में घुसे ट्रक ने दंपत्ति को मारी टक्कर, महिला की मौत पति गंभीर, ड्राइवर फरार

बरेली। स्टेडियम रोड पर आज दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब नो एंट्री में घुसे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दंपत्ति को कुचल दिया। हादसे में 62 वर्षीय महिला सुनीता अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति 65 वर्षीय रिटायर्ड बैंक मैनेजर मुकेश अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

बारादरी थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन चौकी के पास करीब एक बजे मुकेश अग्रवाल अपनी पत्नी सुनीता को दवा दिलाने के लिए स्कूटी से स्टेडियम रोड की ओर जा रहे थे। तभी ए.के. आई. हॉस्पिटल के पास अचानक एक ट्रक ने नो एंट्री नियम तोड़ते हुए उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनीता अग्रवाल ट्रक के पहिये के नीचे आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मुकेश अग्रवाल को स्थानीय लोगों ने तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसा होते ही ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल दंपत्ति आशापुरम कॉलोनी के रहने वाले हैं, जो घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित है। ट्रक नो एंट्री में कैसे घुसा, इसकी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। मुकदमा दर्ज कर पुलिस अब आगे की कार्रवाई करेगी।

सोचने लायक बात यह है कि दोपहर के समय शहर के अंदरुनी इलाक़ों में बड़े वाहनों की नो एंट्री रहती है फिर कैसे य़ह ट्रक अंदर घुसा, डमरू चौराहे पर पुलिस पिकेट और ट्रैफिक पुलिस भी लगी होती है उनकी नजरो से कैसे बचा या फिर दबी इजाजत लेकर आया, हाल ही मे कई और घटनायें हुईं हैं एक्सीडेंट की। आखिर कौन लेगा इन मौतों की जिम्मेदारी।

error: Content is protected !!