The Voice of Bareilly since 2010

अयोध्या में अविस्मरणीय दिवाली: दो लाख दीप प्रज्जवलित कर बनाया गया world record

अयोध्या में भव्य दीवाली :  श्री राम की अयोध्या नगरी सरयू के किनारे  जगमगा उठी। शानदार अदभुत अविस्मरणीय दीपोत्सव हुआ।मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की नगरी अयोध्या में छोटी दीपावली मनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिपोत्सव कार्यक्रम में सरयू के किनारे दीपक प्रज्जवलित किया ।

दीप महोत्वस से पूर्व बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज राज्य सरकार में किसी के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है। रामराज्य की यही खासियत है, रामराज्य में सभी को समान अवसर थे। किसी भी वर्ग के साथ कोई भेदभाव नहीं था।
सीएम योगी ने कहा कि अगर वह अयोध्या आते हैं तो लोग कहते हैं अयोध्या क्यों आते हैं। और यदि अयोध्या नहीं आएंगे तो कहेंगे कि डर के मारे अयोध्या नहीं जा रहे।
दिवाली की पूर्व संध्या पर अयोध्या में सरयू तट रोशनी से जगमग हो गया। जय श्रीराम के गगनभेदी नारों और हेलीकाप्टर से की गयी पुष्प वर्षा के बीच मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की नगरी अयोध्या बुधवार को दो लाख दीपक प्रज्जवलित कर गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गयी।


योगी ने आध्यात्मिक नगरी अयोध्या में दीपावली के भव्य आयोजन के अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि हर परिवार के सिर पर छत हो। वर्ष 2019 तक अपना व्यक्तिगत शौचालय हो, बिजली हो। यही रामराज्य है। अगर हर गरीब के पास र हो, रोजगार हो, बिजली हो तो उसके लिये वही रामराज्य है।


इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यों को राम राज्य स्थापित करने की दिशा में उठाये गये कदम करार देते हुए आज कहा कि केन्द्र सरकार के कार्यों से देश के आम नागरिक को जो सुख मिलेगा, वही राम राज्य होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संकल्प से सिद्धि तक का मंत्र दिया है। उनका संकल्प है कि एक ऐसा भारत बने जो गंदगी, गरीबी, जातिवाद, सम्प्रदायवाद, आतंकवाद, नक्सलवाद से मुक्त हो।
उन्होंने कहा भगवान राम उस समय के सबसे बड़े आतंक के पयार्य रावण और उसकी सेना को मारकर अयोध्या लौटे थे। आज इस देश को जिस दिशा में प्रधानमंत्री ले जा रहे हैं। निरन्तर विकास की योजनाएं चल रही है।
हम आप सबको आश्वस्त कर सकते हैं। एक—एक कर सारे कार्य हो रहे हैं। केवल उस संकल्प के साथ जुडि़ये, अगर आपके पास ताकत होगी तो उसके बल पर कुछ भी कर सकते हैं। वह ताकत होगी विकास की। वह ताकत होगी भारत को ताकतवर बनाने की इच्छा की।

जय श्री राम के गगनभेदी नारों के बीच गोरक्षपीठाधीश्वर ने कहा कि अयोध्या के बारे में देश और दुनिया के मन में क्या है। इसकी तस्वीर पेश करने के लिए जरूरी था कि दुनिया को मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करने वाली सभी चीजें देने वाली अयोध्या को उसके असल रूप में पेश किया जाए। उसे नकारात्मक चर्चा के बिंदु से उसे सकारात्मकता तक ले जाने का हमारा अभियान है।

योगी ने कहा, थाईलैंड और इंडोनेशिया में श्रीराम राम का बहुत महत्व है। वहां की हर सड़क का नाम भगवान राम के नाम पर है। सीएम योगी ने कहा कि सबसे बड़े मुश्लिम देश इंडोनेशिया के लोग मानते हैं कि उनका धर्म इस्लाम जरूर है लेकिन उनके पूर्वज भगवान राम हैं। उन्होंने कहा कि आज यहां इंडोनेशिया के कलाकार रामलीला करने आए हैं।


‘श्री राम चन्द्र कृपाल भजमन..’ के साथ अयोध्या के राम कथा पार्क में राज्याभिषेक शुरू हो गया। पुष्पक विमान के प्रतीक हेलीकाप्टर से श्री राम व सीता के प्रतीक स्वरूप के पहुंचने पर भव्य आरती हुई। राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सहित कई मंत्री, सांसद, सभी विधायक मौजूद हैं। बेहद दिव्य और राममय वातावरण के बीच दीपोत्सव कार्यक्रम शुरू हो गया। पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा ने न्यास अध्यक्ष नृत्य गोपाल सहित संतो का स्वागत शाल देकर किया।

error: Content is protected !!