The Voice of Bareilly since 2010

यूपी : बागपत में नाव पलटने से 22 लोगों की मौत

यूपी । बागपत जिले के काठा गांव में गुरुवार सुबह यमुना नदी में नाव पलटने से 22 लोगों की मौत हो गयी सूत्रों के मुताविक नाव में क्षमता से अधिक यात्री थे जिसके कारण नाव पलट गयी 60 किसानों और मजदूरों से भरी नाव डूबने से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में मारे गये लोगों के परिजन को दो-दो लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है।  यह हादसा दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर बागपत मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर हुआ है। पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर हैं. बचाव कार्य जारी है। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुये मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की।

प्रमुख सचिव सूचना अवनीश अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बागपत में हुई नाव दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।  मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बागपत के जिलाधिकारी को तत्काल राहत कार्य करने और घटना की जांच करने के निर्देश दिए हैं।  बागपत में घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के देर से पहुंचने से गुस्साये स्थानीय ग्रामीणों ने दिल्ली राजमार्ग को जाम कर दिया। मौके पर मौजूद जिलाधिकारी भवानी सिंह ने बताया कि नाव में क्षमता से अधिक करीब 60 यात्री सवार थे। इनमें अधिकांश महिलाएं थीं। नाव जैसे ही बीच नदी में पहुंची, अचानक डूब गई।

जिलाधिकारी के अनुसार पुलिस और पीएसी की बचाव दल की टीमों ने अभी तक 22 शव निकाले हैं। जबकि करीब एक दर्जन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। उन्होंने बताया कि नाव में सवार अधिकांश लोग बागपत से हरियाणा में मजदूरी करने जा रहे थे। इलाके की पुलिस के अनुसार नाव की क्षमता 15 यात्रियों की थी, लेकिन उसमें करीब 60 यात्री सवार थे। उधर, हादसे के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों द्वारा हंगामा जारी है।  पुलिस लोगों को शांत करने की कोशिश में जुटी है।

error: Content is protected !!