The Voice of Bareilly since 2010

उत्तर प्रदेश : कैबिनेट मंत्री सतीश महाना कोरोना वायरस संक्रमित, स्टाफ के 3 सदस्यों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव

लखनऊ/कानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिपरिषदीय सहयोगियों पर “कोरोना अटैक” थमने का नाम नहीं ले रहा है। कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह के बाद अब एक और कद्दावर मंत्री (औद्योगिक विकास) सतीश महाना की कोरोना वायरस जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उनके स्टाफ के 3 सदस्य भी संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद महाना लखनऊ चले गए हैं। उन्होंने बीते दिनों में अपने संपर्क में आए लोगों से कोरोना वायरस जांच कराने की अपील की है।

सतीश महाना ने शुक्रवार को अपनी व स्टॉफ के 13 लोगों की कोरोना जांच कराई गई थी जिसमें सभी को निगेटिव बताया गया था। इसके बाद दोबारा सैंपल देने के बाद वह लखनऊ से लाल बंगला स्थित अपने आवास पर आ गए थे। देर रात दूसरी जांच रिपोर्ट आने पर जानकारी दी गई कि उन्हें और स्टॉफ के तीन सदस्यों कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद वह लाल बंगला स्थित घर से फिर लखनऊ चले गए।

पिछले महीने महाना के परिवार के कई सदस्य कोरोना संक्रमित हो गए थे जो इस समय स्वस्थ हैं।

अभी तक उत्तर प्रदेश सरकार के 13 मंत्री कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से दो मंत्रियों- होमगार्ड मंत्री चेतन चौहान की बीती 16 अगस्त को और इससे पहले 2 अगस्त को प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की मौत हो गई थी।

संक्रमित हो चुके मंत्रियों में भूपेंद्र सिंह चौधरी, चौधरी उदयभान सिंह, जय प्रताप सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, ब्रजेश पाठक, महेंद्र सिंह, धरम सिंह सैनी, उपेंद्र तिवारी और रघुराज सिंह शामिल हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी।

error: Content is protected !!