The Voice of Bareilly since 2010

उत्तर प्रदेश : होमगार्ड के जिला कमांडेंट घूसखोरी में बर्खास्त

लखनऊ। बुलंदशहर में होमगार्ड की ड्यूटी लगाने के लिए घूस लेने के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला कमांडेंट मुकेश कुमारको सोमवार को बर्खास्त करने का आदेश दिया। इस आदेश पर तुरंत अमल करते हुए मुकेश को तत्काल प्रभाव से पदच्युत कर दिया गया।

मुकेश कुमार को लेकर नवंबर 2019 में सोशल मीडिया पर तीन वीडियो वायरल हुए थे। वायरल वीडियो में वह होमगार्ड स्वयंसेवकों की विभिन्न प्रकार की ड्यूटी के लिए रुपये लेकर अपने जेब मे रखते हुए दिख रहे थे। वीडियो क्लिप में हो रही वार्ता में साफ था कि वह ये रुपये होमगार्ड को ड्यूटी देने के एवज में ले रहे हैं।  मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने तत्काल इसकी पड़ताल कराई। प्रारंभिक जांच डिप्टी कमांडेंट जनरल होमगार्ड आगरा के स्तर से हुई जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आरोपित मुकेश को निलंबित कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। विस्तृत जांच के लिए विवेक कुमार सिंह, डिप्टी कमांडेंट जनरल, केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान लखनऊ को जांच अधिकारी बनाया गया। इसमें भी मुकेश कुमार के खिलाफ सभी आरोप सही पाए गए।

जांच के दौरान मुकेश कुमार ने वीडियो को कूटरचित बताते हुए खुद को निर्दोष बताया था। इसके बाद इन वीडियो का परीक्षण विधि विज्ञान प्रयोगशाला, लखनऊ में कराया गया, जहां तीनों वीडियो क्लिप में किसी तरह की छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निलंबित जिला कमांडेंट मुकेश कुमार को सेवा से पदच्युत करने का आदेश दिया।

error: Content is protected !!