The Voice of Bareilly since 2010

उत्तर प्रदेश : नाइट कर्फ्यू में एक घंटे की ढील, अब रात 11 बजे से प्रतिबंध

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति में खासा सुधार हो चुका है। इसके साथ ही प्रतिबंधों में ढील भी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में योगी आदित्यनाथ सरकार ने नाइट कर्फ्यू की अवधि भी घटा दी है। अब पूरे प्रदेश में नाइट कर्फ्यू रात 10 बजे के बजाय 11 बजे से शुरू होकर अगले दिन सवेरे 06 बजे तक रहेगा। यानी प्रतिबंधों में एक घंटे की छूट दी गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को टीम-09 के साथ कोविड प्रबंधन पर समीक्षा बैठक के बाद नाइट कर्फ्यू में और ढील देने का निर्देश दिया। इस ढील के बाद अब दुकानें रात 11 बजे तक खुल सकेंगी। नाइट कर्फ्यू के दौरान कोई भी सड़क पर अनावश्यक घूमता मिला तो उसके खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि विभिन्न राज्यों में कोविड के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। हमें सावधान रहना होगा। सभी जगह पर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। प्रदेश में कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाना बहुत जरूरी है।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के इस निर्देश के बाद अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने नाइट कर्फ्यू में एक घंटे छूट का पत्र जारी कर दिया है।

error: Content is protected !!