The Voice of Bareilly since 2010

उत्तर प्रदेश : कोरोना के चलते हालात बद से बदतर, यूपी बोर्ड व सभी विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं स्थगित

बरेली। कोरोना वायरस संक्रमण स्वास्थ्य, जीवन और अर्थव्यवस्था के साथ ही शिक्षा के लिए भी बड़ा संकट बन गया है।कोरोना वायरस संक्रमण के बेकाबू हो जाने की वजह से सीबीएसई 10वी बोर्ड की परीक्षाएं रद्द करने और 12वीं की परीक्षाएं स्थगित किए जाने के बाद अब उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी यूपी बोर्ड की बोर्ड परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं। प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं भी 15 मई तक स्थगित कर दी गई हैं।

एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में ऑनलाइन संबोधन के दौरान गुरुवार में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने यूपी बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं की नई तारीख 20 मई के बाद तय होगी।

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को 20 मई तक के लिए स्थगित किया जा रहा है। विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं और ऑनलाइन कक्षाओं को 15 मई तक लिए स्थगित किया जा रहा है।  इसके बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले पंचायत चुनाव के कारण यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को टाला गया था। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं का आयोजन पहले 24 अप्रैल से होना था। परीक्षाओं का कार्यक्रम भी तय हो गया था। इसके बाद पंचायत के चुनाव के कारण इसको 8 मई तक टाला गया। 8 मई से होने वाली परीक्षाओं का कार्यक्रम भी तय कर दिया गया था। अब कोरोना वायरस संक्रमण के कारण इसको एक बार फिर टाला गया है।

error: Content is protected !!