The Voice of Bareilly since 2010

पत्‍नी और बेटा-बेटी की हत्या के बाद कारोबारी ने फांसी लगाकर दी जान

वाराणसी। घरेलू कलह और आर्थिक तंगी से परेशान कारोबारी ने पत्‍नी और दो बच्‍चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके पर तीन पेज का सुसाइड नोट मिला है।

घटना आदमपुर थाना क्षेत्र के मुकीमकंज क्षेत्र के नचनी कुआं मोहल्ले की है। पंखा कारोबारी चेतन तुलस्यान (45) ने शुक्रवार सुबह पत्नी ऋतु (42), पुत्र हर्ष (19), और पुत्री हिमांशी (17) को नींद की गोलियां खिलाने और उसके बाद तीनों की गला दबाकर हत्या करने के बाद पुलिस को सूचना दी कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, चेतन तुलस्यान फांसी का फंदा लगाकर जान दे चुके थे। चेतन का शव फंदे से लटका हुआ था जबकि ऋतु का शव नीचे पड़ा था। दोनों बच्चों का दूसरे कमरे में बेड पर पड़े थे।

सूचना मिलने पर आईजी विजय प्रकाश मीणा, एसएसपी प्रभाकर चौधरी सहित आसपास के थानों की फोर्स भी पहुंच गई। मौके से मिले सुसाइड नोट के अनुसार, कारोबारी की आंखों की रोशनी का कम होना, आर्थिक तंगी और पत्नी से कलह की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया आर्थिक समस्या के कारण परिवार ने आत्मघाती कदम उठाया है।

सुसाइड नोट के अनुसार पति-पत्नी में शादी के बाद से ही कलह रही है। पंखे के कारोबार में लगातार घाटा और आर्डर में कमी आना भी प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। परिवार का खर्च चलाने की जिम्मेदारी चेतन पर ही थी।

चेतन का एक भाई महमूरगंज क्षेत्र में और एक भाई सूरत में रहता है। चेतन और उनके मां-बाप में कोई खास सरोकार नहीं था। तुलसी नामक काले पंखे को असेंबल करने का काम करने वाले चेतन को फिलहाल पांच हजार रुपये प्रतिमाह कारोबार से और 13 हजार रुपये प्रतिमाह बुलानाला स्थित दुकान से किराया मिल रहा था।  एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि मौके से मिले सुसाइड नोट और दवाएं आदि देख कर यह प्रतीत होता है कि पूरी तैयारी के साथ परिवार ने आपसी सहमति से जान दी है।

error: Content is protected !!