The Voice of Bareilly since 2010

रोहित शेखर तिवारी की हत्या में पत्नी अपूर्वा गिरफ्तार, गला दबाकर ली थी जान

नई दिल्‍ली। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के पुत्र रोहित शेखर तिवारी की हत्या की गुत्थी आखिरकार सुलझ ही गई। कई दिन चली जांच और पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस ने रोहित की पत्नी अपूर्वा शुक्ला तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोहित की हत्या गला दबाकर की गई। रोहित बीती 16 अप्रैल को डिफेंस कॉलोनी स्थित अपने घर में मृत पाये गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया था कि उनकी मौत गला घोंटे जाने के कारण सांस रुकने से हुई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अपूर्वा के लगातार बदलते बयानों के चलते उस पर पहले ही शक था और जांच में भी प्रथमदृष्टया जो साक्ष्य सामने आए हैं, उससे भी इस कांड में उसका हाथ होने की पुष्टि होती है। करीब आठ दिन चली जांच-पड़ताल अंतत अपूर्वा के इर्द-गिर्द आकर ठहर गई। पुलिस का शक तब और गहरा गया जब घटना की रात को लेकर अपूर्वा शुक्ल तिवारी ने तीन अलग-अलग बयान दिए। पुलिस हालांकि डिफेंस कॉलोनी स्थित घर में रहने वाले पांच अन्य सदस्यों से भी पूछताछ कर रही थी पर जांच की हर कड़ी अंततः अपूर्वा तक पहुंच रही थी।   
रोहित शेखर की मां उज्ज्वला ने भी अपूर्वा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अपूर्वा और उसके परिवार की नजर हमारी संपत्ति पर थी। पुत्र की मौत के एक दिन बाद उज्ज्वला ने बताया था कि रोहित अवसादग्रस्त थे।

error: Content is protected !!