The Voice of Bareilly since 2010

चीन में मिले अरुणाचल से लापता हुए 5 भारतीय युवक, चीनी सेना ने की पुष्टि

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा है कि चीनी सेना ने इस बात की पुष्टि की है कि अरुणाचल प्रदेश से लापता 5 युवक उसके पास हैं। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट के जरिए यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि चीनी सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने भारतीय सेना की ओर से हॉटलाइन पर भेजे गए संदेश का जवाब दिया है। उसने पुष्टि की है कि लापता युवक उसके इलाके में पाए गए हैं। इन युवकों को भारत को सौंपने के लिए प्रक्रियाओं को पूरा किया जा रहा है। 

अरुणाचल प्रदेश के सुबनसिरी जिले के पांचों युवक जंगल में शिकार करने गए थे जहां से वे लापता हो गए।

गौरतलब है कि अरुणाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग ने पिछले दिनों दावा किया था कि चीन की सेना ने अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाके से 5 भारतीयों को कथित रूप से अगवा कर लिया है। एरिंग ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को टैग कर अपने ट्वीट में दावा किया कि अरुणाचल प्रदेश के सुबनसिरी जिले के 5 लोगों को अगवा किया गया है। उन्होंने भारत सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अरुणाचल प्रदेश के 5 निवासियों को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा था कि भारतीय सेना ने रविवार को अपने पीएलए समकक्ष को हॉटलाइन संदेश भेजा था। हालांकि, एक दिन पहले ही चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से जब यह सवाल किया गया तो उन्होंने कहा था कि इस संबंध में उनके पास बताने के लिए कुछ नहीं है।

error: Content is protected !!