The Voice of Bareilly since 2010

सैनिटाइजर पीने से 9 लोगों की मौत, कंटेनमेंट जोन में शराब न मिलने पर उठाया आत्मघाती कदम

नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में कथित रूप से सैनिटाइजर पीने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है। प्रकासम जिले के एसपी सिद्धार्थ कौशल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। कुरिचेडू मंडल के मुख्यालय का दौरा करने आए एसपी कौशल ने बताया कि ये लोग कई दिनों से सैनिटाइजर को पानी या किसी अन्य पेय पदार्थ में मिलाकर पी रहे थे। इस बात की जांच की जा रही है कि इन सैनिटाइजर में कोई अन्य जहरीला चीज मिलाकर तो नहीं पी जा रही थी। मरने वाले लोगों के परिवार के सदस्यों का कहना है कि ये सभी बीते 10 दिनों से सैनिटाइजर पी रहे थे।

जिस इलाके में यह घटना हुई है वह इस समय कंटेनमेंट जोन में आता है। यहां पर कोरोना वायरस के कई मरीज पाए गए हैं। लॉकडाउन के चलते इलाके में शराब की दुकानें भी बंद कर दी गई हैं। बताया यह भी जा रहा है कि शराब के लती लोग सैनिटाइजर पी रहे थे क्योंकि उसमें भी एल्कोहल की मात्रा पाई जाती है। एक स्थानीय मंदिर के पास दो भिखारी इस घटना के सबसे पहले शिकार बने। तीसरे की मौत सरकारी अस्पताल में हुई है। ये तीनों मौतें गुरुवार की हुई थीं। बाकी 6 लोगों की मौत शुक्रवार की सुबह हुई। इन सभी की भी हालत सैनिटाइजर पीने के बाद बिगड़ गई थी।

error: Content is protected !!