The Voice of Bareilly since 2010

एम्स के निदेशक ने कहा- भविष्य में बच्चों में कोरोना के गंभीर संक्रमण की आशंका नहीं

नई दिल्ली। एम्स दिल्ली के निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया ने कहा कि भविष्य में बच्चों में कोरोना के गंभीर संक्रमण का खतरा नहीं है। देश में कोरोना और टीकाकरण की स्थिति को लेकर मंगलवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, “भारत का या विश्व का डेटा देखें तो अब तक ऐसा कोई डेटा नहीं आया जिसमें दिखाया गया है कि बच्चों में अब ज्यादा गंभीर संक्रमण है। अभी कोई सबूत नहीं है कि अगर कोविड की अगली लहर आएगी तो बच्चों में ज्यादा गंभीर संक्रमण होगा।”

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि 7 मई को देश में प्रतिदिन के हिसाब से 4,14,000 मामले दर्ज़ किए गए थे  जो अब 1 लाख से भी कम हो गए हैं। पिछले 24 घंटों में 86,498 मामले देश में दर्ज़ किए गए। यह 3 अप्रैल के बाद अब तक एक दिन के सबसे कम मामले हैं। होम आइसोलेशन और मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर दोनों को मिलाकर रिकवरी रेट बढ़कर 94.3 प्रतिशत हो गया है। 1-7 जून के बीच पॉजिटिविटी रेट कुल मिलाकर 6.3 प्रतिशत दर्ज किया गया है। 4 मई को देश में 531 ऐसे ज़िले थे, जहां प्रतिदिन 100 से अधिक मामले दर्ज़ किए जा रहे थे। ऐसे ज़िले अब 209 रह गए हैं।

अग्रवाल ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में कोरोना संक्रमण मामलों की संख्या में 33 प्रतिशत की गिरावट और सक्रिय मामलों में 65 प्रतिशथ की कमी आई है। 15 राज्य ऐसे हैं जहां 5 प्रतिशत से कम पॉजिटिविटी रेट है।

error: Content is protected !!