The Voice of Bareilly since 2010

उधमपुर हमले में शामिल दोनों आतंकवादी पाकिस्तानी थे : राजनाथ

rajnathनयी दिल्ली, 06 अगस्त । आतंकवाद से सख्ती से निपटने की प्रतिबद्धता जताते हुए सरकार ने आज कहा कि कल उधमपुर में बीएसएफ के काफिले पर हमला करने वाले दोनों आतंकवादी पाकिस्तानी थे तथा पकड़े गये आतंकवादी से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी।

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने इस आतंकवादी हमले के बारे में आज राज्यसभा में स्वत: आधार पर दिए गए बयान में कहा कि सरकार इसमें शहीद हुए बीएसएफ के दोनों जवानों को वीरता पुरस्कार देने पर विचार करेगी।

साथ ही जिन निहत्थे ग्रामीणों ने अदम्य साहस दिखाते हुए एक आतंकवादी को पकड़ने में मदद की, उनको पुरस्कृत करने के लिए राज्य सरकार से अनुरोध किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पांच अगस्त को सुबह करीब सात बजे उधमपुर शहर से 18 किमी दूर चिनानी तहसील में नरसू नाला के समीप जम्मू श्रीनगर राजमार्ग पर सीमा सुरक्षा बल के काफिले पर आतंकवादी हमला हुआ।

इस हमले में बीएसएफ की 59वीं बटालियन के कॉन्स्टेबल एवं हरियाणा के यमुना नगर निवासी रॉकी तथा दूसरी बटालियन के कॉन्स्टेबल एवं पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी निवासी शुभेन्दु राय शहीद हो गए। इस हमले में बीएसएफ के 14 अन्य जवान घायल हुए।

सिंह ने कहा कि इस हमले में संलिप्त दो आतंकवादियों मे से एक को मार गिराया गया जबकि दूसरे को स्थानीय निवासियों की मदद से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

एजेन्सी
error: Content is protected !!