The Voice of Bareilly since 2010

केंद्रीय कर्मियों को होली का तोहफा, 6 प्रतिशत बढ़ा महंगाई भत्ता

DA increasedनई दिल्ली, 23 मार्च। होली से ठीक पहले केंद्रीय कर्मचारियों की महंगाई भत्ता को एक बार फिर से बढ़ाकर केंद्र सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 6 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बुधवार को हुई बैठक के बाद कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का फैसला किया गया।

बैठक के बाद दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा, ‘इस बढ़ोतरी से सरकार पर सालाना 14,724.74 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।’ यह बढ़ोतरी एक जनवरी, 2016 से लागू होगी। प्रसाद ने कहा कि इस निर्णय से 2016-17 में केंद्रीय कर्मचारियों को 6,795.5 करोड़ रुपये तथा पेंशनभोगियों को 7,929.24 करोड़ रुपये अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। कर्मचारियों को मुद्रास्फीति के प्रभाव को समाप्त करने के लिए मूल वेतन के हिस्से के रूप में महंगाई भत्ता दिया जाता है। पेंशनभोगियों को महंगाई राहत दी जाती है।

ajmera institute of media studies, bareillyकेंद्र सरकार एक साल में दो बार डीए में संशोधन करती है। इसकी गणना औद्योगिक श्रमिकों की एक साल की खुदरा मुद्रास्फीति के आधार पर की जाती है। पिछले साल सितंबर में डीए को 113 प्रतिशत से बढ़ाकर 119 प्रतिशत किया गया था, जो एक जुलाई, 2015 से लागू हुआ था। पिछले साल अप्रैल में सरकार ने डीए दर 6 प्रतिशत बढ़ाकर 113 प्रतिशत किया था। यह एक जनवरी, 2015 से लागू हुआ था।

error: Content is protected !!